पाटी ब्लॉक के पखौटी और कनवाड़ में 221 पशुओं का खुरपका-मुंहपका रोग से टीकाकरण
चंपावत।
राजकीय पशु चिकित्सालय सचल, चंपावत की टीम ने पशुधन के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु ब्लॉक पाटी के ग्राम पखौटी और कनवाड़ में वृहद टीकाकरण शिविर का आयोजन किया। इस शिविर का उद्देश्य खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसी संक्रामक बीमारी से पशुओं की रक्षा कर पशुपालकों की आजीविका को सुरक्षित बनाना रहा।शिविर में पशु चिकित्सा दल ने कुल 221 पशुओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया।
इनमें 113 बकरियां, 89 गौवंशीय पशु (गाय, बैल आदि) और 19 महिश वंशीय पशु (भैंस) शामिल रहे। टीकाकरण के साथ ही पशुपालकों को पशुपालन संबंधी जागरूकता दी गई जिसमें मौसमी बीमारियों से बचाव, पशुधन की पोषण व्यवस्था तथा आधुनिक पशुपालन तकनीकों पर जानकारी साझा की गई।
इस अभियान में पशु चिकित्सा अधिकारी सचल डॉ. वैशाली साह ने टीम का नेतृत्व किया। उनके साथ पशु चिकित्सा फार्मेसी अधिकारी कैलाश चंद्र जोशी और वाहन चालक दिनेश चंद्र ने सक्रिय भूमिका निभाई। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए टीम का आभार व्यक्त किया।

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार