भारत-नेपाल सीमा पर दोनों देशों के सुरक्षा बलों ने एक-दूसरे को दी दीपावली की शुभकामनाएं, संयुक्त गश्त कर सीमा सुरक्षा पर भी की चर्चा
चंपावत, 09 नवंबर। पंचम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) चंपावत में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वाहिनी परिसर में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारजनों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। वहीं, भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी और नेपाल सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ) के जवानों ने भी मिठाइयों का आदान-प्रदान कर आपसी मित्रता और सौहार्द का संदेश दिया।
वाहिनी परिसर में द्वितीय कमान अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय की उपस्थिति में दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें संदीक्षा परिवारों, अधिकारियों और बलकार्मिकों ने भाग लिया। समारोह के माध्यम से आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। वाहिनी के अधीनस्थ समवायों और सीमा चौकियों में भी जवानों ने पारंपरिक उत्साह के साथ दीपावली मनाई।
नेपाल एपीएफ के जवानों के साथ साझा की मिठाइयां
दीपावली के अवसर पर भारत-नेपाल सीमा पर तैनात दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच भी मैत्रीपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। सात नवंबर को कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम के नेतृत्व और द्वितीय कमान अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में खेत समवाय, बीओपी चूका और खलडूंगा के जवानों ने सहायक कमांडेंट आनंद सिंह भंडारी के नेतृत्व में नेपाल एपीएफ की काउंटरपार्ट कंपनी डंडेलधुरा तथा उसकी सीमा चौकियों सीम, परिगांव और तातापानी के जवानों के साथ मिठाइयों का आदान-प्रदान किया। इस दौरान दोनों देशों के जवानों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
नेपाल एपीएफ की ओर से निरीक्षक तारक राज भट्ट, जनक नाथ, जगदीश नाथ सहित अन्य पांच जवान मौजूद रहे।
संयुक्त पेट्रोलिंग कर सीमा सुरक्षा पर किया मंथन
इसी क्रम में डी समवाय पंचेश्वर और बीओपी कुष्मतघाट के जवानों ने नेपाल एपीएफ की काउंटरपार्ट कंपनी संतोला और मटेला के जवानों को मिठाइयां भेंट कीं। इस दौरान दोनों देशों के सुरक्षा बलों ने संयुक्त पेट्रोलिंग भी की और सीमा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।
ग्रीन दीपावली मनाने का दिया संदेश
समारोह के दौरान राष्ट्रव्यापी ग्रीन दीपावली अभियान-2026 के तहत पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारजनों को पटाखों के उपयोग से बचने तथा स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त वातावरण में दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया गया।
वाहिनी की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से भारत-नेपाल सीमा पर तैनात दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच आपसी समन्वय, सहयोग, सौहार्द और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर कमांडेंट (चिकित्सा अधिकारी) डॉ. विशाल बरनवाल, द्वितीय कमान अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय, उप कमांडेंट सुदेश कुमार, सहायक कमांडेंट आनंद सिंह भंडारी, संदीक्षा उपाध्यक्ष प्रथम दीप्ति बरनवाल, संदीक्षा उपाध्यक्ष द्वितीय गरिमा पाण्डेय सहित संदीक्षा सदस्य और बलकार्मिक मौजूद रहे।




More Stories
शहीदों और राज्य आंदोलनकारियों के संघर्षों को किया याद, उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित
दीपावली पर दीपों से जगमगाया मां पूर्णागिरि धाम, फूलों की झालरों से हुई भव्य सजावट
दवा समझकर बुजुर्ग महिला ने खाया जहरीला पदार्थ