उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर चंपावत में हुए विविध कार्यक्रम, प्रगतिशील किसानों से लेकर पर्यावरण मित्रों तक का बढ़ाया सम्मान
चंपावत, 09 नवंबर। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ सोमवार को चंपावत में हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में मनाई गई। जिला सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। वहीं, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों, कर्मचारियों और प्रतिभाशाली लोगों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राज्य के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को भी साझा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी और जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यालयी छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया गया। पुस्तिका में सरकार की उपलब्धियों और विभिन्न विकास कार्यों का विवरण दिया गया है।
आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित
राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले राज्य आंदोलनकारियों को मंच पर शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इनमें राज्य आंदोलनकारी जिला अध्यक्ष बसंत सिंह तड़ागी और शंकर पांडे सहित कई वरिष्ठ आंदोलनकारी शामिल रहे। राज्य आंदोलनकारी श्याम नारायण पांडे और नवीन मुरारी ने राज्य निर्माण के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य अनेक आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। नई पीढ़ी को राज्य की मूल अवधारणा, अस्मिता और विकास को बनाए रखने के लिए आगे आना चाहिए।
पांच प्रगतिशील किसान सम्मानित, लाभार्थियों को मिली आर्थिक सहायता
कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र में बेहतर उत्पादन और नवाचार करने वाले जिले के पांच प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। वहीं, पशुपालन विभाग की ओर से मुकेश सिंह बोहरा को गोपालन के लिए 36 हजार रुपये की सहायता दी गई। जीवनी देवी और रश्मि पांडे को बकरी पालन योजना के तहत 35-35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
लाइनमैन, पर्यावरण मित्र और पंप ऑपरेटरों का बढ़ाया मान
जनसेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विभिन्न विभागों के फ्रंटलाइन कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें यूपीसीएल के दो लाइनमैन, 10 पर्यावरण मित्र, तीन पंप ऑपरेटर और पांच गैंगमैन समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारी शामिल रहे। मुख्यमंत्री बाल वीरता पुरस्कार से सम्मानित जनपद की साहसी बालिका माया कांडपाल को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से पहुंची छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार वितरित किए गए।
विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर डीएम ने दिए निर्देश
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। कृषि, उद्यान, पशुपालन, भेषज, रेशम, चिकित्सा, बाल विकास, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्योग, आयुर्वेद और होम्योपैथी विभागों ने अपने स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। विभागीय योजनाओं और नवाचारों का ग्रामीण स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ ही आमजन को समय पर लाभ उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
कार्यक्रम का संचालन जीवन चंद्र कलौनी ने किया। इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगौली, रोहित बिष्ट, हेमा जोशी, किरन देवी, मनोज कालाकोटी, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, राज्य आंदोलनकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।







More Stories
दीपावली पर दीपों से जगमगाया मां पूर्णागिरि धाम, फूलों की झालरों से हुई भव्य सजावट
दवा समझकर बुजुर्ग महिला ने खाया जहरीला पदार्थ
राज्य स्थापना दिवस के चलते 9 नवंबर को नहीं होगा जनता मिलन कार्यक्रम