ITBP को 1,462 किलो ताजे फल-सब्जियों की आपूर्ति, सीमांत किसानों को मिला सीधा बाजार
उद्यान विभाग और आईटीबीपी के बीच हुए समझौते से किसानों की आय बढ़ाने की पहल, बिचौलियों से मिलेगी मुक्ति
चम्पावत, 08 नवंबर। सीमांत क्षेत्रों के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तराखंड उद्यान विभाग और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के बीच हुआ समझौता सकारात्मक परिणाम देने लगा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में शुरू की गई इस पहल के तहत कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के माध्यम से आईटीबीपी को अब तक 1,462 किलोग्राम ताजे फल एवं सब्जियों की सफलतापूर्वक आपूर्ति की जा चुकी है।
जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट ने बताया कि इस पहल से जहां आईटीबीपी के जवानों को गुणवत्तायुक्त ताजे फल एवं सब्जियां उपलब्ध हो रही हैं, वहीं स्थानीय किसानों और एफपीओ को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए सीधा बाजार मिल रहा है। इससे किसानों को बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है और उनके उत्पादों का उचित एवं पारदर्शी मूल्य मिलना सुनिश्चित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग और आईटीबीपी के आपसी समन्वय से संचालित इस व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है। आपूर्ति के दौरान उत्पादों की गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
इस पहल से सीमांत क्षेत्रों की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं। भविष्य में इस व्यवस्था का विस्तार कर प्रदेश के अन्य दूरस्थ क्षेत्रों के एफपीओ को भी आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने की योजना है।
इससे स्थानीय किसानों की उपज को स्थायी बाजार उपलब्ध कराने के साथ ही ‘वोकल फॉर लोकल’ की अवधारणा को भी बढ़ावा मिलेगा।

More Stories
दीपावली पर दीपों से जगमगाया मां पूर्णागिरि धाम, फूलों की झालरों से हुई भव्य सजावट
दवा समझकर बुजुर्ग महिला ने खाया जहरीला पदार्थ
राज्य स्थापना दिवस के चलते 9 नवंबर को नहीं होगा जनता मिलन कार्यक्रम