November 9, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

दवा समझकर बुजुर्ग महिला ने खाया जहरीला पदार्थ

दवा समझकर बुजुर्ग महिला ने खाया जहरीला पदार्थ, हालत में सुधार

लोहाघाट अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चंपावत जिला अस्पताल किया गया था रेफर

चंपावत/बाराकोट। बाराकोट ब्लॉक के दूरस्थ कामाज्यूला गांव में एक बुजुर्ग महिला ने भूलवश दवा समझकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल लोहाघाट उप जिला अस्पताल ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें चंपावत जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उपचार के बाद अब महिला की हालत में सुधार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, 61 वर्षीय महिला ने सात नवंबर को दवा लेने के दौरान गलती से दवा के पास रखा जहरीला पदार्थ निगल लिया। कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने पर वे तत्काल महिला को लोहाघाट उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद महिला की स्थिति को देखते हुए उन्हें चंपावत जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

चंपावत जिला अस्पताल में उपचार के बाद महिला की हालत में सुधार बताया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि दवाइयों और जहरीले पदार्थों को हमेशा अलग-अलग स्थानों पर तथा बच्चों और बुजुर्गों की पहुंच से दूर सुरक्षित रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

शेयर करे