गौशाला गए किसान पर गुलदार का हमला, मौत के बाद गांव में दहशत
रुद्रप्रयाग। ग्राम पंचायत जौंदला में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना में गुलदार ने एक किसान को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। मृतक का शव उसकी गौशाला से करीब 200 मीटर दूर क्षत-विक्षत अवस्था में मिला।ग्राम पंचायत जौंदला के पाली मल्ली तोक निवासी 54 वर्षीय मनवर सिंह बुधवार तड़के करीब पांच बजे घर के पास स्थित गौशाला गए थे। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों व ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। गौशाला के पास खून के निशान देख लोगों ने आसपास खोजबीन की तो करीब 200 मीटर दूर मनवर का शव मिला। गुलदार के हमले में उनका शव बुरी तरह से घायल था।मनवर सिंह परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। वे खेती करते थे। उनकी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा देहरादून में पढ़ाई कर रहा है।घटना की सूचना पर विधायक भरत सिंह चौधरी, पालिका अध्यक्ष संतोष रावत, जिला पंचायत सदस्य गंभीर बिष्ट, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख सुभाष नेगी और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने गुलदार को आदमखोर घोषित करने, गांव में पिंजरा लगाने और मृतक के परिजन को रोजगार देने की मांग की।डीएफओ रजत सुमन ने बताया कि पीड़ित परिवार को तात्कालिक राहत के तहत 1 लाख 80 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया है। गांव में पिंजरा लगाया जा रहा है, साथ ही क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) और आरआरटी (रेपिड रिस्पांस टीम) गठित कर दी गई है। गुलदार के लार का सैंपल भी लिया गया है।

More Stories
सूअर के आतंक से किसानों की फसलें बर्बाद, मुआवजे और तारबाड़ की मांग
15 अक्टूबर को नहीं होगी हड़ताल, 16 को दुग्ध संघ बोर्ड की बैठक के बाद तय होगी रणनीति
पॉलिटेक्निक में गुलदार की दहशत के बीच विद्यार्थियों को किया जागरूक