सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, सड़कों के सुधारीकरण के साथ नालियों की सफाई के निर्देश
**जरूरी स्थानों पर लगेंगे यातायात संकेतक, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर**
**दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य : एसपी**
**चम्पावत, 26 नवंबर।** सड़क सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित विभागों को सड़कों के सुधारीकरण और रखरखाव में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे बनी नालियों की नियमित सफाई कर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए, ताकि बारिश का पानी सड़क पर जमा न हो और आवागमन बाधित न हो।
गुरुवार को जिला सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनपदीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में सड़कों की स्थिति, जल निकासी, यातायात संकेतकों और सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और ग्रामीण निर्माण विभाग सहित सभी कार्यदायी संस्थाओं को अपने अधीन मार्गों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक सुधारीकरण और रखरखाव के कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे नालियों में जमा मिट्टी और मलबे को हटाकर पानी की निकासी सुचारु रखी जाए।
उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थानों और जरूरी मोड़ों पर यातायात संकेतक एवं चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। कहा कि वाहन चालकों को मार्ग की स्थिति और मोड़ों की जानकारी समय रहते मिलनी चाहिए, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।
जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा के प्रति व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को यातायात नियमों, निर्धारित गति सीमा, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए।
**दोनों के लिए हेलमेट जरूरी**
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने दोपहिया वाहन चालकों से अपील की कि वे हर यात्रा में हेलमेट का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि वाहन चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनना चाहिए। कम दूरी की यात्रा में भी सुरक्षा नियमों की अनदेखी नहीं करनी चाहिए।
बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, एनएच के अधिशासी अभियंता विभोर गुप्ता, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता बीसी नैनवाल, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार, यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक अंकित आर्या सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

More Stories
चंपावत के चर्चित दुष्कर्म मामले में कांग्रेस नेता आनंद महारा को जमानत,ट्रायल कोर्ट में किशोरी अपने पूर्व के बयानों से पलटी
अग्निवीर भर्ती रैली में दौड़ के दौरान युवक घायल, पैर की हड्डी टूटी
बनबसा में 4.03 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक गिरफ्तार