November 26, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

चंपावत के चर्चित दुष्कर्म मामले में कांग्रेस नेता आनंद महारा को जमानत,ट्रायल कोर्ट में किशोरी अपने पूर्व के बयानों से पलटी

चंपावत के चर्चित दुष्कर्म मामले में कांग्रेस नेता को जमानत

**ट्रायल कोर्ट में किशोरी के बयानों से पलटने के बाद हाई कोर्ट से मिली राहत, मई से न्यायिक हिरासत में थे आनंद सिंह माहरा**

चंपावत/नैनीताल। चंपावत जिले के बहुचर्चित दुष्कर्म मामले में हाई कोर्ट ने आरोपित कांग्रेस नेता आनंद सिंह माहरा को जमानत दे दी है। न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की पीठ ने ट्रायल कोर्ट में किशोरी के बयान दर्ज होने के बाद उनकी दूसरी जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए यह निर्णय सुनाया।

ट्रायल कोर्ट में किशोरी ने अपने पूर्व के बयानों से पलटते हुए कहा कि मामले में आनंद सिंह माहरा की कोई संलिप्तता नहीं है। उसने अपने शुरुआती बयान को सही बताया। किशोरी के इन बयानों को हाई कोर्ट में रिकॉर्ड पर लाया गया, जिसके बाद आरोपित को राहत मिली।

आनंद सिंह माहरा 13 मई 2026 को गिरफ्तारी के बाद से न्यायिक हिरासत में थे। ट्रायल कोर्ट से उनकी 23 मई और छह अक्टूबर को जमानत याचिकाएं खारिज हो चुकी थीं। इसके बाद हाई कोर्ट में दूसरी जमानत याचिका दायर की गई थी।

*शादी समारोह से लापता हुई थी किशोरी*

मामला पांच मई 2026 को चंपावत जिले के एक गांव का है। 16 वर्षीय किशोरी एक शादी समारोह से लापता हो गई थी। तीन दिन बाद वह एक डेयरी में मिली। किशोरी के पिता की शिकायत पर विनोद रावत, नवीन रावत और पूरन सिंह रावत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70(2) और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। किशोरी के शुरुआती बयान में भाजपा के तत्कालीन मंडल अध्यक्ष का नाम भी सामने आया था।

आठ मई को चंपावत की पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने प्रेसवार्ता कर सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों को मेडिकल, फोरेंसिक, सीसीटीवी और सीडीआर साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध बताते हुए इसे साजिश का मामला बताया था। पुलिस ने कमल सिंह रावत और अर्जिता राय को कथित तौर पर साजिश का मास्टरमाइंड बताया था।

इसके बाद आरोपित पक्ष के पिता राम सिंह रावत की ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई गई। 11 मई को सामने आई विरोधाभासी शिकायत के बीच आनंद सिंह माहरा को साजिश को बढ़ावा देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने किशोरी को पीड़ित मानते हुए उसकी काउंसलिंग कराने की बात कही थी।

*विरोधाभासी बयानों से उलझा मामला*

पुलिस के अलग-अलग बयानों, विरोधाभासी एफआईआर और मामले से जुड़े दो पक्षों के अलग-अलग दावों के कारण यह प्रकरण विवादों में घिर गया था। विपक्षी दलों, कांग्रेस नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाए थे। देहरादून के गांधी पार्क में प्रदर्शन कर मामले की न्यायिक जांच की मांग भी की गई थी।

वहीं, बाल अधिकार कार्यकर्ताओं ने किशोरी से संबंधित वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए जाने पर चिंता जताई थी। उन्होंने इसे किशोर न्याय कानून के उल्लंघन का मामला बताते हुए संबंधित सामग्री के प्रसार पर रोक लगाने की मांग की थी।

शेयर करे