चंपावत। विश्व फार्मेसी दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला चिकित्सालय चंपावत में फार्मासिस्ट संगठन की ओर से गोष्ठी आयोजित की गई। इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना’ रही।
गोष्ठी में सेवानिवृत्त मुख्य फार्मेसी अधिकारी मोहन चंद्र जोशी मुख्य अतिथि रहे। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचएस ह्यांकी और प्रांतीय महामंत्री डॉ. सतीश चंद्र पांडे विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विष्णु गिरी गोस्वामी ने की और संचालन जिला मंत्री रोशन लाल विश्वकर्मा ने किया।
मुख्य अतिथि मोहन चंद्र जोशी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने फार्मेसी अधिकारियों को आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। सीएमएस डॉ. ह्यांकी ने कहा कि दवाओं के सुरक्षित और सही वितरण के साथ मरीजों को बेहतर परामर्श देने में फार्मासिस्टों का योगदान अहम है।
जिलाध्यक्ष विष्णु गिरी गोस्वामी ने दुर्गम क्षेत्रों में तैनात फार्मासिस्टों को बेहतर सुविधाएं देने, उपकेंद्रों के स्थगित 392 पदों को बहाल करने तथा चिकित्सालयों और पीएचसी में अतिरिक्त पद सृजित करने की मांग उठाई। प्रांतीय महामंत्री डॉ. सतीश पांडे ने संगठन की गतिविधियों और शासन स्तर पर चल रही वार्ताओं की जानकारी दी।
गोष्ठी में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फार्मेसी अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।








More Stories
सभी आवेदनकारी, घोषित हों राज्य आंदोलनकारी* उत्तराखंड के सभी जिलों में हो मामलों का निस्तारण
मांगों को लेकर विकास भवन में गरजे मिनिस्टीरियल कर्मचारी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन
रेड अलर्ट के बीच अधिकारी मुख्यालय न छोड़ें, क्षेत्रीय कार्मिक रहें तैनात