मांगों को लेकर विकास भवन में गरजे मिनिस्टीरियल कर्मचारी
12 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
जागरण संवाददाता, चंपावत : 12 सूत्रीय मांगों को लेकर मिनिस्टीरियल कर्मचारियों ने शुक्रवार को विकास भवन परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लंबित मांगों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग उठाई। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कर्मचारियों ने आंदोलन में भाग लिया।
जिलाध्यक्ष विनोद कुमार और महामंत्री जीवन ओली के नेतृत्व में आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से पुरानी पेंशन बहाली, वेतनमान अपग्रेडेशन, समय पर पदोन्नति, रिक्त मिनिस्टीरियल पदों को भरने तथा संवर्गीय भत्तों और सुविधाओं में बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं। इसके बावजूद मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर आंदोलन के तहत 19 सितंबर तक कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर विरोध जताया। इसके बाद 21 से 24 सितंबर तक कैबिनेट मंत्रियों को ज्ञापन भेजे गए। आंदोलन के तीसरे चरण में शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर धरना दिया गया।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो पांच अक्टूबर को देहरादून में प्रदेश स्तरीय रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का एलान किया।
इस दौरान एलएम चतुर्वेदी, संजय गोस्वामी, आशुतोष गुप्ता, सचिन कोहली, पंकज सिंह, गिरीश पांडेय, मोहन नाथ, जयराम, सुमित कुमार, आशीष सनवाल, सुशील कुमार, रघुनंदन सिंह, भूपेश देव समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

More Stories
सभी आवेदनकारी, घोषित हों राज्य आंदोलनकारी* उत्तराखंड के सभी जिलों में हो मामलों का निस्तारण
रेड अलर्ट के बीच अधिकारी मुख्यालय न छोड़ें, क्षेत्रीय कार्मिक रहें तैनात
चरस की बड़ी खेप के साथ हरियाणा के दो तस्कर दबोचे