September 21, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

स्वरोजगार से सम्मान तक: लोहाघाट में महिला सम्मेलन, एक हजार से अधिक महिलाएं सम्मानित

Dukan Ad
Dukan Ad

लोहाघाट। नगर के नेहरू पार्क/नगर पालिका मैदान में सोमवार को महिला सशक्तीकरण एवं ‘स्वरोजगार से सम्मान तक’ महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल के दिशा-निर्देशन और उनकी पत्नी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुषमा फर्त्याल के नेतृत्व में आयोजित सम्मेलन में लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रतिभाग किया।

सम्मेलन में स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूह, लखपति दीदी, डेयरी, कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और विभिन्न विद्यालयों की शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। आयोजकों के अनुसार, एक हजार से अधिक महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में फोर्ती, रायनगर चौड़ी, कलीगांव, कोलीढेक, राइकोट, कलचौड़ा, डुंगरी फर्त्याल, पाटन-पाटनी, खूना बोरा, डैंसली, सुंई, मोत्यूराज, झलानदेव सहित विभिन्न क्षेत्रों से महिलाएं पहुंचीं। महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी से कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल रहा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की मीडिया सह संयोजक सुनीता मुरारी रहीं। विशिष्ट अतिथि दर्जा राज्य मंत्री किरण देवी, पुष्पा सौन, गोदावरी बोहरा, चंद्रकला माहरा, शांति कोठारी, सुशीला चौबे, सोनू भंडारी और पुष्पा ओझा ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुषमा फर्त्याल ने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके कार्यों को पहचान और सम्मान दिलाना कार्यक्रम का उद्देश्य है। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचीं महिलाओं का आभार जताते हुए कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और आत्मनिर्भरता से समाज को मजबूती मिलती है।

पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने कहा कि महिलाएं आज प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से महिलाओं के लिए विभिन्न कल्याणकारी एवं स्वरोजगारपरक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य कर दूसरों के लिए मिसाल कायम करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया है।

कार्यक्रम का संचालन नगर पालिका सभासद रेनू गड़कोटी और सुष्मिता फर्त्याल ने किया। सम्मेलन में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के साथ ही सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय महिलाओं ने भी प्रतिभाग किया।

शेयर करे