September 21, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

27 सितंबर से शुरू होगा पितृ पक्ष, 10 अक्टूबर को होगा पितृ विसर्जन

Dukan Ad
Dukan Ad

27 सितंबर से शुरू होगा पितृ पक्ष, 10 अक्टूबर को होगा पितृ विसर्जन

लोहाघाट। पितरों के प्रति श्रद्धा, तर्पण और स्मरण का पावन पर्व पितृ पक्ष इस वर्ष 27 सितंबर से शुरू होकर 10 अक्टूबर तक चलेगा। पाटन-पाटनी निवासी प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पं. दीपक चन्द्र पाटनी ने पितृ पक्ष की श्राद्ध तिथियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस अवधि में श्रद्धालु अपने पितरों के निमित्त विधिवत तर्पण, पिंडदान और श्राद्ध कर्म कर सकते हैं।

पं. पाटनी के अनुसार पितृ पक्ष की शुरुआत 27 सितंबर रविवार को प्रतिपदा श्राद्ध से होगी। इसके बाद 28 सितंबर को द्वितीया, 29 सितंबर को तृतीया और 30 सितंबर को चतुर्थी एवं पंचमी का श्राद्ध एक साथ होगा। एक अक्टूबर को षष्ठी, दो अक्टूबर को सप्तमी और तीन अक्टूबर को अष्टमी का श्राद्ध किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि चार अक्टूबर रविवार को नवमी का श्राद्ध होगा, जिसे माताओं के श्राद्ध के लिए विशेष माना जाता है। इसके बाद पांच अक्टूबर को दशमी, छह अक्टूबर को एकादशी, सात अक्टूबर को द्वादशी, आठ अक्टूबर को त्रयोदशी और नौ अक्टूबर को चतुर्दशी का श्राद्ध होगा। 10 अक्टूबर शनिवार को अमावस्या के साथ पितृ पक्ष का समापन और पितृ विसर्जन किया जाएगा।

तर्पण का बताया विशेष महत्व

पं. पाटनी ने बताया कि पितृ पक्ष में श्रद्धालु अपने पितरों के निमित्त जल, कुश, तिल और पुष्प से तर्पण करते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार श्रद्धापूर्वक किए गए श्राद्ध एवं तर्पण से पितरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है। उन्होंने कहा कि पितृ पक्ष परिवार और पूर्वजों के बीच आध्यात्मिक संबंध को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपनी परंपरा एवं धार्मिक मान्यताओं के अनुसार निर्धारित तिथि पर श्राद्ध, तर्पण और अन्य कर्मकांड संपन्न करने की अपील की।

शेयर करे