September 20, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

देवीधुरा में महिला पर गुलदार का हमला, बाल-बाल बची जान

Dukan Ad
Dukan Ad

पाटी (चम्पावत)। देवीधुरा क्षेत्र के पखोटी गांव में गुलदार के हमले से एक महिला घायल हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने वन विभाग से तत्काल पिंजरा और कैमरा ट्रैप लगाने के साथ ही घायल महिला को मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त की रात करीब 10 बजे पखोटी गांव निवासी जानकी देवी, पत्नी उमेद सिंह, घर के समीप थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर अचानक हमला कर दिया। महिला ने किसी तरह साहस दिखाते हुए अपनी जान बचाई, लेकिन हमले में उनके पैर पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवीधुरा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें घर भेज दिया।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भय व्याप्त है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि आसपास के कई गांवों के ग्रामीण और स्कूली बच्चे प्रतिदिन जंगल के रास्ते बाजार और विद्यालयों तक पहुंचते हैं। ऐसे में गुलदार की मौजूदगी लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन गई है।
ग्रामीणों ने वन क्षेत्राधिकारी चम्पावत को ज्ञापन भेजकर क्षेत्र में कैमरा ट्रैप और पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने, गश्त बढ़ाने तथा घायल महिला को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।
मांग करने वालों में ग्राम प्रधान सरस्वती देवी, ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य शांति देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रकाश सिंह महरा, ग्राम प्रधान पखोटी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।

शेयर करे