September 26, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

75 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, ऑपरेशन प्रहार में चम्पावत पुलिस को बड़ी सफलता

Dukan Ad
Dukan Ad

75 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, ऑपरेशन प्रहार में चम्पावत पुलिस को बड़ी सफलता
टनकपुर (चम्पावत)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान’ के तहत चम्पावत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 253 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 75 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के कब्जे से एक बिना नंबर प्लेट की बाइक, नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत टनकपुर क्षेत्र में संयुक्त पुलिस टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मनिहारगोठ क्षेत्र में रेलवे पटरी के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से 253 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तस्लीम मंसूरी (21), निवासी बनबसा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 900 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से स्मैक लाकर क्षेत्र में सप्लाई करता था। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की तलाश में जुट गई है।
आरोपी के खिलाफ कोतवाली टनकपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस या हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दें।
मुख्य बिंदु
253 ग्राम अवैध स्मैक बरामद
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 75 लाख रुपये
बनबसा निवासी युवक गिरफ्तार
बिना नंबर प्लेट बाइक, नकदी व मोबाइल बरामद
नशा तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

शेयर करे