November 12, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

टनकपुर में वन विभाग की एसओजी टीम की छापेमारी, 40 नग अवैध साल की लकड़ी बरामद

टनकपुर में वन विभाग की एसओजी टीम की छापेमारी, 40 नग अवैध साल की लकड़ी बरामद

मुखबिर की सूचना पर आमबाग क्षेत्र में की गई कार्रवाई, लकड़ी जब्त कर वन विभाग ने शुरू की वैधानिक कार्रवाई

टनकपुर/चंपावत। वन संपदा के अवैध दोहन और लकड़ी के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग की एसओजी टीम ने टनकपुर के आमबाग क्षेत्र में छापेमारी कर करीब 40 नग चिरान की गई साल प्रजाति की लकड़ी बरामद की है। टीम ने बरामद लकड़ी को जब्त कर मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार 12 नवंबर को एसओजी प्रभारी नवीन रैकवाल के नेतृत्व में टीम ने खटीमा रेंज के अंतर्गत टनकपुर के आमबाग क्षेत्र में हरीश जोशी की लकड़ी की टाल पर छापेमारी की। इस दौरान आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान भी चलाया गया। तलाशी के दौरान काली पन्नी से ढकी हुई साल प्रजाति की करीब 40 नग चिरान की गई लकड़ी बरामद हुई।

कार्रवाई के दौरान खटीमा रेंज के संबंधित वनकर्मियों को भी मौके पर बुलाया गया। टाल स्वामी ने लकड़ी के संबंध में आवश्यक कागजात प्रस्तुत किए, लेकिन लकड़ी के अवैध रूप से रखे जाने की आशंका के चलते वन विभाग की टीम ने उसे जब्त कर लिया। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और वन विभाग की ओर से नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार वन संपदा की सुरक्षा और अवैध लकड़ी के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

कार्रवाई करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी नवीन रैकवाल, वन दरोगा कृष्ण चंद्र शर्मा, नवीन बरोलिया, सीजी गोस्वामी, वन आरक्षी ललित बिष्ट तथा वाहन चालक चंदन बेदी शामिल रहे।

#Champawat #Tanakpur #KhatimaForestRange #ForestDepartment #SOGTeam #IllegalWood #SalWood #ForestProtection #UttarakhandNews #चंपावत #टनकपुर #खटीमारेंज #वनविभाग #एसओजीटीम #अवैधलकड़ी #वनसंपदाकीसुरक्षा #चंपावतलाइव

शेयर करे