November 12, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

टनकपुर में 16 से 20 नवंबर तक वायुसेना की टीम करेगी स्कूल-कॉलेजों का दौरा

टनकपुर में 16 से 20 नवंबर तक वायुसेना की टीम करेगी स्कूल-कॉलेजों का दौरा

अग्निवीर वायु भर्ती योजना के प्रति युवाओं को किया जाएगा जागरूक, करियर के अवसरों की दी जाएगी जानकारी

चम्पावत, 12 नवंबर। भारतीय वायु सेना में अग्निवीर के रूप में अपना भविष्य बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए अच्छी खबर है। वायुसैनिक चयन केंद्र, नई दिल्ली की टीम 16 से 20 नवंबर तक टनकपुर और आसपास के क्षेत्रों का दौरा कर युवाओं को अग्निपथ भर्ती योजना के प्रति जागरूक करेगी।

प्रभारी अधिकारी जिला कार्यालय कमल चंद्र तिवारी ने बताया कि वायुसैनिक चयन केंद्र के निर्देश पर चयन केंद्र के कर्मचारी निर्धारित तिथियों में क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में पहुंचेंगे। इस दौरान विद्यार्थियों को भारतीय वायु सेना में अग्निवीर वायु के रूप में भर्ती होने की प्रक्रिया, करियर के अवसरों और भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य कक्षा 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों और अन्य इच्छुक युवाओं को वायु सेना में सेवा के अवसरों से परिचित कराना तथा उन्हें भविष्य में बेहतर करियर बनाने के लिए प्रेरित करना है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित विभागों को अभियान के दौरान वायुसैनिक चयन केंद्र की टीम को स्थानीय स्तर पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से सभी संबंधित विभागों को समय से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि अधिक से अधिक युवा इस अभियान का लाभ उठा सकें और भारतीय वायु सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित हों।

शेयर करे