चम्पावत में ‘साँस’ अभियान का शुभारंभ, निमोनिया से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जागरूकता मुहिम
सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने किया जागरूकता पोस्टर का विमोचन, बच्चों में निमोनिया के लक्षणों की समय पर पहचान और उपचार पर दिया जोर
चम्पावत, 12 नवंबर। बच्चों को निमोनिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाने और इसके लक्षणों की समय पर पहचान के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद में स्वास्थ्य विभाग की ओर से ‘साँस’ (SAANS) अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने अभियान से संबंधित जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया।
पोस्टर के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों में निमोनिया के शुरुआती लक्षणों की पहचान करने और लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि निमोनिया शिशुओं और छोटे बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती है। हालांकि, समय रहते बीमारी के लक्षणों की पहचान और उचित उपचार मिलने से इसके गंभीर दुष्परिणामों से बचा जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों में तेज सांस चलना, सांस लेने में परेशानी, सीने का धंसना और लगातार खांसी जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें। ऐसी स्थिति में तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श लें।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के जिला कार्यक्रम प्रबंधक गौरव पाण्डेय ने किया। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में निमोनिया की रोकथाम और जनजागरूकता के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसके तहत स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों तक बचाव और उपचार संबंधी जानकारी पहुंचाई जाएगी।
कार्यक्रम में जनपद की सभी ब्लॉक चिकित्सा इकाइयों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक और ब्लॉक समन्वयक सहित स्वास्थ्य इकाइयों में तैनात एएनएम एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया। उन्हें अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इन्द्रजीत पाण्डेय, दिनेश थ्वाल, संजय पाण्डेय, प्रेम भट्ट, जगदीश जोशी, सुनीता डासीला, पुनीता, मीनाक्षी जोशी, नीमा भट्ट, सपना फर्त्याल, मदन सिंह राणा और अनीता राय सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

More Stories
सुई क्षेत्र में दहशत का पर्याय बने बाघ को आदमखोर घोषित कर मारने की मांग,डीएम और डीएफओ को सौंपा ज्ञापन
टनकपुर में 16 से 20 नवंबर तक वायुसेना की टीम करेगी स्कूल-कॉलेजों का दौरा
चंपावत के फायरमैन नीरज जोशी ने राष्ट्रीय स्तर पर जीता कांस्य पदक