हिंग्ला देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण को मिले 48.41 लाख रुपये
मुख्यमंत्री की घोषणा को मिली वित्तीय स्वीकृति, श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
चंपावत, 10 नवंबर। चंपावत विधानसभा क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध हिंग्ला देवी मंदिर के दिन बहुरने जा रहे हैं। मंदिर के सौंदर्यीकरण और अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 48.41 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह धनराशि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत स्वीकृत की गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि स्वीकृत धनराशि से मंदिर परिसर में सौंदर्यीकरण और आवश्यक अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। विशेष रूप से धार्मिक पर्वों, मेलों और अन्य आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि परियोजना के माध्यम से क्षेत्र की पौराणिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। शासन की ओर से स्वीकृत बजट के पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण उपयोग के निर्देश दिए गए हैं। कार्यदायी संस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने को कहा गया है।
मंदिर के सौंदर्यीकरण की इस पहल से क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने के साथ स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। इससे चंपावत को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयासों को भी गति मिलेगी।

More Stories
ग्राम लफड़ा में गुलदार का आतंक, बैल को बनाया निवाला
भाई दूज पर 11 नवंबर को अवकाश का आदेश फर्जी, शासन ने किया खंडन
एसएसबी जवानों ने धूमधाम से मनाई दीपावली, नेपाल एपीएफ के साथ साझा की मिठाइयां