खर्ककार्की मार्ग का निरीक्षण, पेयजल परियोजना में गुणवत्ता और जनसुरक्षा पर डीएम ने दिए सख्त निर्देश
चंपावत । जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बुधवार को खर्ककार्की मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर पेयजल आपूर्ति परियोजना के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों के कारण आमजन को हो रही परेशानियों पर चिंता जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों में तेजी के साथ-साथ नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए सड़कों के समतलीकरण, सुरक्षा मानकों के पालन और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सड़कों पर खुले छोड़े गए चेंबरों को गंभीर खतरा बताते हुए उन्होंने तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के आदेश दिए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। साथ ही प्रोजेक्ट मैनेजर उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को नियमित निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी।
जिलाधिकारी ने क्षेत्र स्थित पटवारी चौकी का भी निरीक्षण किया और वहां साफ-सफाई तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर अंकित आर्य ने बताया कि नगर क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे भविष्य में पूरे नगर की पेयजल व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के बाद गड्ढों को तत्काल भरकर मार्ग को आवागमन योग्य बनाया जा रहा है तथा चिन्हित स्थानों पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप चेंबर निर्माण कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
खर्ककार्की मार्ग का निरीक्षण, पेयजल परियोजना में गुणवत्ता और जनसुरक्षा पर डीएम ने दिए सख्त निर्देश

More Stories
सिमल्टा कांडा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग शिविर, माल्टा के पौधों का वितरण
युवा शक्ति ही विकसित भारत और सशक्त उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री धामी
कुमाऊं स्तरीय द्वितीय वार्षिक संगीत प्रतियोगिता, 100 से अधिक प्रतिभागी ले रहे हिस्सा