May 9, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad

सिखों के सुप्रसिद्ध रीठा साहिब धाम में 29 से 31 मई तक होगा सलाना जोड़ मेले का आयोजन, डीएम ने व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

संवाददाता रीठा साहिब ।
आगामी 29 से 31 मई 2026 तक आयोजित होने वाले पारंपरिक जोड़ मेला–2026 की तैयारियों को लेकर गुरुवार को गुरुद्वारा साहिब रीठा परिसर में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत एवं आपदा प्रबंधन समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई को यात्रा मार्गों का शीघ्र सुधारीकरण कर सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश दिए। साथ ही मार्गों पर आवश्यक साइन बोर्ड एवं आपातकालीन संपर्क नंबरों से युक्त सूचना पट्ट लगाने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जेसीबी मशीनों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मार्ग को तत्काल सुचारु किया जा सके। मार्गों के किनारे झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई तथा रात्रिकालीन आवागमन को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि विशेष आवश्यकता वाले वाहनों एवं लंगर सेवा से जुड़े वाहनों को नियमानुसार अनुमति दी जाएगी। वहीं परिवहन विभाग को 28 से 31 मई तक अतिरिक्त बसों के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत मेला क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती, पुलिस चेक पोस्ट स्थापना, फायर टेंडर एवं जल पुलिस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही पार्किंग स्थलों का सुव्यवस्थित संचालन एवं भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग को मेला क्षेत्र एवं यात्रा मार्ग पर चिकित्सा राहत केंद्र और एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं लंगर स्थलों पर शुद्ध पेयजल एवं शौचालयों की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
जल संस्थान को पेयजल आपूर्ति, सिंचाई विभाग को स्नान व्यवस्था तथा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बस स्टेशन से गुरुद्वारा साहिब तक नालियों की सफाई एवं आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।
इस वर्ष भी मेले के संचालन में पर्यावरण संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। मेला क्षेत्र में ऊर्जा स्रोत के रूप में “पिरुल ब्रिकेट” का उपयोग किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए 20 मई तक सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि जोड़ मेला–2026 का आयोजन सुरक्षित, स्वच्छ एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
बैठक में गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सदस्य, उपजिलाधिकारी नितेश डागर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, जिला विकास अधिकारी दिनेश डिगारी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान आर.पी. डोबवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करे

You may have missed