चम्पावत में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, तीन पर मुकदमा
एक आरोपी भाजपा का पूर्व मंडल उपाध्यक्ष बताया जा रहा, पुलिस ने नाबालिक को बरामद कर कराया मेडिकल
चम्पावत। जनपद चम्पावत में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। आरोपियों में से एक भाजपा का पूर्व मंडल उपाध्यक्ष बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 06 मई 2026 को 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक नाबालिग बालिका, जो 05 मई 2026 को अपनी सहेली की शादी में शामिल होने ग्राम सल्ली गई थी, वापस घर नहीं लौटी। सूचना मिलते ही चम्पावत पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई और बालिका की तलाश शुरू की गई। इस दौरान उसे एक डेयरी के पास से बरामद कर लिया गया।
पीड़िता से पूछताछ में सामने आया कि उसके साथ तीन लोगों ने हथियार दिखाकर एक कमरे में दुष्कर्म किया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार और मेडिकल परीक्षण कराया गया।
पुलिस ने घटनास्थल को तत्काल सुरक्षित कर साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू की। फील्ड यूनिट ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, जबकि एसओजी और स्थानीय पुलिस को क्षेत्र में तैनात कर तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक चम्पावत श्रीमती रेखा यादव ने स्वयं पीड़िता से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर तीन व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कहा है कि संकलित साक्ष्यों के आधार पर शीघ्र आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
चम्पावत में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, तीन पर मुकदमा दर्ज एक आरोपी भाजपा का पूर्व मंडल उपाध्यक्ष बताया जा रहा

More Stories
तीन लोगों पर नाबालिक से दुष्कर्म का आरोप, पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा
चंपावत में गोल्ज्यू महोत्सव की तिथियों में बदलाव, अब 7 से 16 मई तक होगा आयोजन
औषधि निरीक्षक ने एक मेडिकल स्टोर का क्रय विक्रय रोका, विभिन्न मेडिकल स्टोर से दवा के 5 सैंपल लिए