कर्नल राम रतन नेगी बोले- अग्निवीर भर्ती युवाओं के भविष्य और देशहित के लिए ठीक नही
संवाददाता चंपावत: कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग द्वारा अग्निपथ योजना के विरोध में निकाली जा रही राज्यव्यापी यात्रा मंगलवार को चंपावत पहुंची। देहरादून से 4 मई को शुरू हुई यह यात्रा 5 मई को चंपावत पहुंची, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पूर्व सैनिकों ने अग्निपथ योजना के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाते हुए सरकार से योजना वापस लेने की मांग की।
चंपावत मोटर स्टेशन और गांधी चौक में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल (सेवानिवृत्त) राम रतन नेगी ने कहा कि अग्निपथ योजना देश और युवाओं के भविष्य के लिए हितकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि अल्पकालीन सेवा के आधार पर भर्ती किए जाने वाले सैनिक नियमित सैनिकों की तरह दीर्घकालिक अनुभव और प्रशिक्षण हासिल नहीं कर पाते, जिससे सेना की कार्यक्षमता प्रभावित होने का खतरा बना रहता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने सेना की पारंपरिक भर्ती व्यवस्था को समाप्त कर युवाओं के रोजगार के अवसरों को सीमित कर दिया है। पहले जहां सेना में हर वर्ष लगभग 80 हजार भर्तियां होती थीं, वहीं अब यह संख्या घटकर करीब 40 हजार रह गई है। इनमें भी केवल 25 प्रतिशत युवाओं को स्थायी सेवा का अवसर मिलेगा, जबकि 75 प्रतिशत युवाओं को चार वर्ष बाद सेवा से बाहर होना पड़ेगा।
कर्नल नेगी ने कहा कि अग्निपथ योजना को बंद कर पुरानी भर्ती प्रक्रिया बहाल की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सैनिक बाहुल्य क्षेत्रों में इस योजना की कमियों के बारे में आमजन को जागरूक किया जाएगा।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल की अध्यक्षता में गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। बाद में आयोजित सभा में वक्ताओं ने अग्निपथ योजना की विभिन्न खामियों को गिनाते हुए इसे वापस लेने की मांग उठाई।
कार्यक्रम में पूर्व दर्जा मंत्री निर्मला गहतोड़ी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विमला सजवान, डॉ. वीके जोशी, आनंद सिंह महर, एडवोकेट निर्मल तड़ागी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग की यह यात्रा बुधवार को पिथौरागढ़ पहुंचेगी, जबकि इसका समापन 9 मई को देहरादून में किया जाएगा।
क्या है अग्निपथ योजना
भारत सरकार ने 14 जून 2022 को अग्निपथ योजना लागू की थी।
इसके तहत थल सेना, नौसेना और वायुसेना में 17.5 से 21 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की 4 वर्ष के लिए भर्ती की जाती है।
भर्ती युवाओं को अग्निवीर कहा जाता है।
सेवा अवधि पूरी होने पर लगभग 11.70 लाख रुपये का टैक्स-फ्री सेवा निधि पैकेज दिया जाता है।
चार वर्ष बाद केवल 25 प्रतिशत अग्निवीरों को स्थायी कैडर में शामिल किया जाता है, जबकि 75 प्रतिशत सेवा से बाहर हो जाते हैं।


More Stories
टनकपुर तहसील दिवस : डीएम ने पानी की शिकायत का ऑन द स्पॉट किया समाधान,64 शिकायतों का हुआ निस्तारण
किसानों को राहत में देरी नहीं, एक हफ्ते में क्षतिपूर्ति सुनिश्चित करें — जिलाधिकारी मनीष कुमार
चंपावत समेत कई जिलों में येलो अलर्ट, अगले 24 घंटे भारी