May 5, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad

टनकपुर तहसील दिवस : डीएम ने पानी की शिकायत का ऑन द स्पॉट किया समाधान,64 शिकायतों का हुआ निस्तारण

तहसील दिवस में जिलाधिकारी मनीष कुमार का ऑन-द-स्पॉट एक्शन: पानी की शिकायत पर तुरंत पहुंची जांच टीम

तहसील दिवस में फरियादियों को राहत: 64 शिकायतों का हुआ निस्तारण
संवाददाता टनकपुर। जनसमस्याओं को सुनने एवं उनके प्रभावी समाधान हेतु जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में आज तहसील पूर्णागिरि (टनकपुर) में ‘तहसील दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दूरस्थ क्षेत्रों से आए 64 फरियादियों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिन पर मौके पर ही त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

तहसील दिवस के दौरान सरस्वती चंद, निवासी भजनपुर द्वारा क्षेत्र में खतरा बने पेड़ों के संबंध में शिकायत प्रस्तुत की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने वन विभाग, वन निगम एवं संबंधित अधिकारियों को जनपद में चिन्हित सभी जोखिमपूर्ण पेड़ों का नियमानुसार शीघ्र कटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पस्ट निर्देश दिए की खतरे बने पेड़ो से किसी भी प्रकार की क्षति होने पर सम्बन्धित की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

मीना देवी, निवासी नौलापानी द्वारा गैस आपूर्ति वाहन की व्यवस्था को लेकर उठाई गई समस्या पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। वहीं, इंद्र देव विश्वकर्मा, निवासी छीनीगोठ द्वारा पुलिया निर्माण की मांग पर खंड विकास अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूर्ण करने को कहा गया।

राजेंद्र प्रसाद, आदित्य एवं सूरज द्वारा पुरस्कार धनराशि लंबित होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी को दो दिवस के भीतर पात्र लाभार्थियों को भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुष्पा विश्वकर्मा द्वारा बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग पर वन विभाग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

दिलावर अली, निवासी वार्ड-3 टनकपुर द्वारा नालियों की सफाई एवं दूषित पेयजल की शिकायत पर अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका को नगर की समस्त नालियों की सफाई, झाड़ी कटान एवं स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने पेयजल गुणवत्ता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही पटवारी को संबंधित क्षेत्र में भेजकर पानी की जांच कराई, जिसमें पानी साफ पाया गया। इसके उपरांत शिकायतकर्ता के संतुस्ट ना होने पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को शिकायतकर्ता के घर से भी पानी का नमूना मंगाया गया, जो मानकों के अनुरूप पाया गया। शिकायतकर्ता के संतुष्ट होने के बावजूद एहतियातन जिलाधिकारी ने नियमित जल परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

किरन देवी, निवासी सिलाड़ द्वारा सोलर लाइट स्थापना की मांग पर परियोजना अधिकारी उरेडा को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त गीता मेहता द्वारा आयुष्मान कार्ड की सीमा वृद्धि, राहुल सिंह, निवासी चंदनी द्वारा विद्युत समस्या, हर्षवर्धन सिंह द्वारा गृहकर नामांतरण तथा निर्मला देवी द्वारा संपर्क मार्ग सुधार संबंधी शिकायतों सहित अन्य प्रकरणों को भी संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।

तहसील दिवस में उपजिलाधिकारी विपिन पंत, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

शेयर करे