₹56 करोड़ की लागत से बन रही नई जिला जेल का डीएम ने किया निरीक्षण
फूंगर में 103 नाली भूमि पर होगा निर्माण, 196 बंदियों की क्षमता वाले आधुनिक कारागार का होगा निर्माण
चम्पावत , 08 जनवरी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद चम्पावत की कारागार व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए फूंगर क्षेत्र में लगभग ₹56 करोड़ की लागत से नई जिला जेल निर्मित की जा रही है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बुधवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य प्रगति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्धता की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल पिथौरागढ़ के अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप काम पूरा करने के निर्देश दिए।लगभग 103 नाली भूमि पर निर्मित हो रही यह जिला जेल 196 बंदियों की क्षमता वाली होगी। इसमें 156 पुरुष, 20 महिला बंदी और 20 सोलिटरी सेल की व्यवस्था रहेगी। जेल प्रांगण में हॉस्पिटल ब्लॉक, दो पुरुष बैरक, एक महिला बैरक, माइनर सेल, वर्कशॉप तथा अन्य आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी।डीएम कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य तेजी से किए जाएँ और स्पष्ट वर्क प्लान के साथ चरणबद्ध तरह से अग्रसर हो। उन्होंने कहा कि निर्माण पूर्ण होने पर यह नया कारागार जनपद को एक आधुनिक और मानवीय जेल सुविधा प्रदान करेगा, जो बंदियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और पुनर्वास के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगी।निरीक्षण के दौरान तहसीलदार बृजमोहन आर्या के साथ ब्रिडकुल के अधिकारी एवं तकनीकी कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
₹56 करोड़ की लागत से बन रही नई जिला जेल का डीएम ने किया निरीक्षण

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार