April 20, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad

“जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत चौमेल में आयोजित शिविर में 840 से अधिक ग्रामीण हुए लाभान्वित

हाथ में पन्नियों का बंडल थामे पहुँची बसंती, शिविर से मिला दिव्यांग प्रमाण पत्र
“जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत चौमेल में आयोजित शिविर में 840 से अधिक ग्रामीण हुए लाभान्वित
चंपावत, 07 जनवरी (सूवि)।
राज्य सरकार की जनोन्मुखी योजना “जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” के अंतर्गत मंगलवार को न्याय पंचायत वल्सों के पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज मैदान, चौमेल में बहुद्देशीय जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की।शिविर में ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे और विभिन्न विभागों से अपनी समस्याओं एवं आवश्यक सेवाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। मौके पर जिलाधिकारी को 97 से अधिक शिकायतें सौंपी गईं, जिन पर उन्होंने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।शिविर के दौरान एक मार्मिक दृश्य उस वक्त देखने को मिला, जब ग्राम पंचायत खेती–काकड़ी निवासी 46 वर्षीय गणेश सिंह अपनी 25 वर्षीय दिव्यांग पुत्री बसंती को लेकर शिविर स्थल पहुंचे।
हाथ में पन्नियों का बंडल थामे बसंती अपनी छोटी सी उम्मीद लिए पहुँची थी। उनकी व्यथा सुनते ही जिलाधिकारी ने पिता–पुत्री दोनों के दिव्यांग प्रमाण पत्र मौके पर ही जारी कराए तथा खंड विकास अधिकारी बाराकोट को प्राथमिकता के आधार पर उनके लिए आवास स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जिलाधिकारी द्वारा त्रिलोक सिंह को आर्थिक सहायता, भावना देवी को आवास, पार्वती देवी को जल लाइन, अमर सिंह की समस्या पर विद्युत पोल हटाने, पूरन सिंह को दिव्यांग पेंशन तथा सुंदरी देवी को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने हेतु निर्देश दिए गए।शिविर में विभिन्न विभागों ने व्यापक स्तर पर सेवाएँ प्रदान कीं।
चिकित्सा विभाग द्वारा 123, कृषि विभाग द्वारा 73, राजस्व विभाग द्वारा 83, पशुपालन विभाग द्वारा 40, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 15, ऊर्जा विभाग द्वारा 10, सहकारिता विभाग द्वारा 27, आयुष विभाग द्वारा 80 तथा अन्य विभागों द्वारा मिलाकर कुल 840 से अधिक ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया।श्रम विभाग ने पाँच श्रमिकों को श्रम कार्ड वितरित किए, जिनमें रोहित बिष्ट, जगदीश, कमल सिंह, उमेश तथा राधा देवी शामिल रहे।
शिविर में रक्त जाँच, आधार पंजीकरण, राशन कार्ड संबंधी सेवाएँ एवं विधिक सहायता जैसी सुविधाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।जिलाधिकारी ने मौके पर 50 जरूरतमंद व्यक्तियों को रेड क्रॉस की ओर से कंबल और आवश्यक सामग्री वितरित की। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बालिका जन्मोत्सव मनाकर “बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ” का संदेश दिया गया।
विद्यालय के छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न सामाजिक विषयों पर प्रदर्शनी लगाकर आमजन को जागरूक किया।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, उपजिलाधिकारी नीतू डांगर, मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की यह पहल जनसेवा को गाँव–गाँव तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है।

शेयर करे