बाराकोट में अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई सरयू नदी किनारे पकड़ी गई पोकलैण्ड मशीन, चालक फरार — मशीन जब्तचंपावत, 04 जनवरी ।
प्रशासन ने बाराकोट तहसील क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की है। शनिवार देर शाम राजस्व टीम ने सरयू नदी किनारे खनन करते हुए एक पोकलैण्ड मशीन पकड़ी। मौके से चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
तहसीलदार बाराकोट भीम कुटियाल ने बताया कि राजस्व निरीक्षक बाराकोट, उप निरीक्षक बाराकोट और दयारोली की संयुक्त टीम ने ग्राम बौतड़ी स्थित सरयू नदी क्षेत्र का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान नदी के किनारे पीले रंग की पोकलैण्ड मशीन को अवैध खनन करते पाया गया। टीम को आता देख चालक मशीन छोड़ मौके से भाग निकला।
राजस्व अधिकारियों ने मौके पर मौजूद खनन पट्टाधिकारी से मशीन संचालन व खनन कार्य से संबंधित अभिलेख मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। निरीक्षण में पाया गया कि मशीन द्वारा नदी क्षेत्र में आर.बी.एम. (रेत-बजरी-मौरंग) का अवैध खनन किया गया और तीन गड्ढे बनाए गए हैं।मौके पर खनन की गई सामग्री उपलब्ध नहीं मिली और न ही खनन क्षेत्र में सीमा स्तंभ स्थापित पाए गए।
जांच टीम ने बताया कि यह कार्य खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन है। प्रशासन ने मौके से पोकलैण्ड मशीन जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
तहसीलदार कुटियाल ने कहा कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नदियों और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे।

More Stories
चम्पावत की साहित्यिक विरासत को सहेजने की पहल, साहित्यकारों की जानकारी जुटाई जा रही
पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर शिक्षक और कर्मचारी संगठनों ने आंदोलन तेज करने की तैयारी
स्कूटी रपटने से महिला की मौत, पति गंभीर घायल