शारदा कॉरिडोर के कार्य जनता की भावना के अनुरूप हों— मुख्यमंत्री धामीश्रद्धा और समृद्धि का केंद्र बन रहा शारदा कॉरिडोर, 3300 करोड़ की परियोजना से टनकपुर को नई पहचान
टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि शारदा कॉरिडोर विकास परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान को आगे बढ़ाना है। मंगलवार को खटीमा-लोहियाहेड स्थित कैंप कार्यालय में ‘शारदा कॉरिडोर विकास परियोजना’ की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य जनता की अपेक्षाओं और स्थानीय आस्था के अनुरूप किए जाएं।मुख्यमंत्री ने बैठक में साफ कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शिता होनी चाहिए, साथ ही परियोजना के तहत प्रस्तावित 38 प्रमुख कार्यों के प्रगति की विस्तार से समीक्षा भी की। इनमें शारदा घाट का पुनर्विकास, सिटी ड्रेनेज प्लान, रणकोची माता मंदिर का पुनरुद्धार, बनबसा में हेलीपोर्ट, चूका–चल्थी माउंटेन बाइक ट्रेल, अंतरराष्ट्रीय सीमा बाजार का विकास, श्रद्धा पथ, शारदा रिवरफ्रंट और एयरो स्पोर्ट्स सुविधाओं का निर्माण आदि शामिल हैं।करीब 200 वर्ग किमी के क्षेत्र में बनने जा रही इस परियोजना में जनजीवन स्तर सुधारने और स्थानीय रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर जोर है। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि अधिग्रहण एवं हस्तांतरण के कार्यों को तत्परता से निपटाएं तथा सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करें।पर्यावरण संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता
श्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए हों और उनकी डिज़ाइन क्षेत्र की पारंपरिक संस्कृति एवं स्थापत्य का प्रतीक हो। उन्होंने कार्यदायी संस्था को स्थानीय कार्यालय खोलने के भी निर्देश दिए ताकि काम में गति मिले।नए पर्यटन केंद्रों का विकास
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि भविष्य में लोहाघाट स्थित विवेकानंद सर्किट और मां वाराही धाम को स्पिरिचुअल जोन के रूप में भी विकसित किया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र को डेस्टिनेशन वेडिंग हब और शौर्य स्थल के रूप में भी विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं।3300 करोड़ रुपए से बदलेगा टनकपुर
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना में लगभग 3300 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है। इससे टनकपुर शहर को एक नई पहचान मिलेगी और यह श्रद्धा, संस्कृति व समृद्धि का केंद्र बनेगा।बैठक में जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार, जिलाधिकारी उधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया, अपर जिलाधिकारी कृष्णा नाथ गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती समेत कई वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

More Stories
एनएच-09 पर बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से टकराई, तीन युवक गंभीर घायल
उरेडा के परियोजना अधिकारी 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
जिला अस्पताल की खुली पोल तो पत्रकारों पर लगाए झूठे आरोप