जनता मिलन में 208 शिकायतें, अधिकांश का मौके पर निस्तारण
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की आदर्श जिले की परिकल्पना के तहत आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याएं रखीं। कुल 208 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
जनता मिलन में सड़क, पेयजल, विद्युत, सोलर स्ट्रीट लाइट, प्रधानमंत्री आवास, आर्थिक सहायता, सुरक्षा दीवार, तारबाड़, चेनलिंक फेंसिंग और किसान सम्मान निधि से संबंधित मामले प्रमुख रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण करने के निर्देश दिए।
ग्राम किमवाड़ी निवासी जशोधर पचौली ने तालाब का कार्य पूरा होने के बाद भी भुगतान न होने की शिकायत की। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला मत्स्य प्रभारी त्रिभुवन मौर्य ने मौके पर ही कार्रवाई कर समस्या का निस्तारण किया। सैदोला बोरा की बसंती देवी ने आवास और आयुष्मान कार्ड की मांग रखी, जिस पर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
भगाना-भंडारी के ग्रामीणों ने नारियलगांव बाजार में पांच सोलर लाइट लगाने, जबकि दियूरी के हिमांशु जोशी ने फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ और सोलर लाइट की मांग की। रमैला के ग्राम प्रधान नीरज बोहरा ने आपदा से क्षतिग्रस्त आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालयों की पाइपलाइन, शौचालय और सुरक्षा दीवार की मरम्मत की मांग रखी। इन मामलों में संबंधित विभागों को प्राथमिकता से कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता मिलन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले और शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाए। कार्यक्रम में पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।
#ChampawatLive #Champawat #CM_PUSHKAR_SINGH_DHAMI #DMChampawat #ManishKumar #JantaMilan #जनतामिलन #जनसमस्या #सुशासन #उत्तराखंड #ChampawatNews #UttarakhandNews

More Stories
12 सूत्रीय मांगों को लेकर मिनिस्ट्रियल कर्मियों ने की नारेबाजी
टनकपुर जिला अस्पताल में डीएम के निर्देश पर प्रबंधन समिति के जरिए चालक की अस्थाई व्यवस्था को अनुमोदन
पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कर्मचारियों का देहरादून में प्रदर्शन चंपावत से भी विभिन्न विभागों के कर्मचारी आंदोलन में हुए शामिल