“शारदा कॉरिडोर बनेगा श्रद्धा, संस्कृति और समृद्धि का केंद्र”मुख्यमंत्री धामी ने की परियोजना की समीक्षा, 3300 करोड़ के निवेश से टनकपुर को मिलेगी नई पहचान
टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा लोहियाहेड स्थित कैम्प कार्यालय में शारदा कॉरिडोर विकास परियोजना की विस्तृत समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस परियोजना के सभी निर्माण कार्य जनता की अपेक्षाओं और स्थानीय आस्था के अनुरूप पूरे किए जाएं।मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि शारदा कॉरिडोर विकास परियोजना लगभग 200 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र के समग्र विकास का उद्देश्य रखती है। इससे इस इलाके की धार्मिक, सांस्कृतिक, पर्यटन और पर्यावरणीय पहचान सशक्त होगी। उन्होंने परियोजना के तहत प्रस्तावित 38 प्रमुख कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए कार्यों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।परियोजना के कार्यों में शारदा घाट का पुनर्विकास, सिटी ड्रेनेज प्लान, रणकोची माता मंदिर का पुनरुद्धार, बनबसा में हेलीपोर्ट का विकास, चूका से चल्थी तक माउंटेन बाइक ट्रेल का निर्माण, अंतरराष्ट्रीय सीमा बाजार, श्रद्धा पथ नदी तट का सौंदर्यीकरण, शारदा रिवरफ्रंट मास्टर प्लान और एयरो स्पोर्ट्स सुविधाओं का सृजन शामिल है।मुख्यमंत्री धामी ने भूमि अधिग्रहण व हस्तांतरण के कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने और सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय में निष्पादित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि परियोजना के निर्माण में पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और डिजाइन व ढांचा स्थानीय संस्कृति व स्थापत्य शैली के अनुरूप रखा जाएगा। कार्यदायी संस्था को स्थानीय कार्यालय स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए।मुख्यमंत्री ने बताया कि भविष्य में लोहाघाट स्थित विवेकानंद सर्किट के विकास एवं मां वाराही धाम को स्पिरिचुअल जोन के रूप में विकसित किया जाएगा। क्षेत्र को डेस्टिनेशन वेडिंग हब और वीर शहीदों के सम्मान में “शौर्य स्थल” बनाए जाने की योजना भी परियोजना में शामिल है।यह परियोजना स्थानीय रोजगार संवर्धन एवं जनजीवन स्तर सुधार का माध्यम बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह टनकपुर शहर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूती देगा। परियोजना में लगभग ₹3300 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है और त्वरित गति से कार्य प्रारंभ किया जा रहा है।बैठक में जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार, जिलाधिकारी उधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया, अपर जिलाधिकारी कृष्णा नाथ गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार