April 24, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad

मुनस्यारी में लापता युवक की तलाश को एसआईटी गठित करने की मांग, पुलिस की कार्यशैली को लेकर प्रदर्शन

मुनस्यारी में लापता युवक की तलाश को एसआईटी गठित करने की मांग, पुलिस की कार्यशैली पर प्रदर्शन

मुनस्यारी, 27 अक्टूबर। ग्राम पातो निवासी प्रदीप दरियाल की गुमशुदगी को 21 दिन बीतने के बाद भी सुराग न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को मुनस्यारी में जुलूस निकालकर बलुवाकोट पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की लापरवाही और कार्यशैली को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए। उप जिलाधिकारी खुशबू पांडे के आदेश के बावजूद कोतवाली इंचार्ज मौके पर नहीं पहुंचीं, जिस कारण आंदोलनकारियों में आक्रोश है।एसडीएम ने पुलिस विभाग की गैरहाजिरी पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा और उच्चस्तरीय कार्रवाई की बात कही।

पातो ग्राम पंचायत के ग्रामीण 32 किलोमीटर यात्रा कर तहसील मुख्यालय पहुंचे। संघर्ष समिति के बैनर तले आंदोलित लोगों ने एसआईटी गठन और जांच की मांग उठाई। पूर्व जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया ने कहा कि पुलिस 21 दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस फलाफल नहीं दे पाई है तथा जांच में लापरवाही बरत रही है।

प्रदीप दरियाल के परिजन मंगलवार को मुख्यमंत्री से मिलेंगे और मामले की तेजी से जांच के लिए ज्ञापन देंगे। उपजिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री से मिलने का समय दिलाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ताओं समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जिन्होंने ‘हमें चाहिए प्रदीप दरियाल’ लिखे प्ले कार्ड लेकर नारेबाजी की।जुलूस के दौरान आंदोलनकारियों ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक की अनुपस्थिति को भी लापरवाही करार दिया और उच्च अधिकारियों से विभागीय कार्रवाई की मांग की।

शेयर करे