नवरात्र आज से पूर्णागिरि धाम में उमड़ेंगे श्रद्धालु, रात में भी हो
सकेंगे दर्शन
सभी तैयारियां पूरी, 11 दिनी श्रीमद् देवी भागवत कथा का भी होगा श्रीगणेश
चंपावत/पूर्णागिरि धाम। 22 सितंबर से शुरू शारदीय नवरात्र के मेले के लिए मां पूर्णागिरि धाम में तैयारी पूरी कर ली गई है। देवी धाम को सजाया संवारा गया है। सोमवार से नवरात्र में देवी धाम में बड़ी संख्या में
श्रद्धालु उमड़ेंगे। सुरक्षा सहित तमाम व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद कर लिया गया है। मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने बताया कि पहली नवरात्र से रात के वक्त भी देवी दर्शन हो सकेंगे। 21 जून से रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक देवी दर्शनों पर रोक लगाई गई थी।
अलबत्ता नवरात्र के दौरान रात में दर्शनों की इजाजत होगी। पहली नवरात्र से ही धाम के प्राचीन धुनिस्थल में श्रीमद् देवी भागवत कथा का श्रीगणेश होगा। 11 दिन तक चलने वाली कथा का बखान पंडित गिरीशानंद शास्त्री करेंगे। सितंबर में हुई भारी बारिश से बाटनागाड़, हनुमानचट्टी सहित पूर्णागिरि धाम में कई स्थानों पर सड़क और रास्तों को नुकसान हुआ था। इसके अलावा पानी, बिजली की लाइनों पर भी मार पड़ी थी। अलबत्ता अब इन तमाम व्यवस्थाओं
को दुरुस्त कर लिया गया है।
एसडीएम आकाश जोशी का कहना है कि पूर्णागिरि मेले के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी का कहना है कि शारदीय नवरात्र के मेले में श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। समिति के स्वयंसेवक प्रशासन को पूरा सहयोग करेंगे। पंडित
तिवारी का दावा है कि श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक भावना का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार