April 23, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad

बाराकोट लिंक रोड पर दर्दनाक हादसा, 100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार दो युवक गंभीर घायल, जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी ‘योगी’ व उनकी टीम ने किया रेस्क्यू में सहयोग

बाराकोट लिंक रोड पर दर्दनाक हादसा, 100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार
दो युवक गंभीर घायल, जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी ‘योगी’ व उनकी टीम ने किया रेस्क्यू
चंपावत।
बाराकोट क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑल्टो कार करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी ‘योगी’ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला।जानकारी के मुताबिक, शाम करीब सात बजकर तीस मिनट पर बाराकोट से तल्ला बापरू की ओर जा रही ऑल्टो कार (संख्या UK 03 TA 2143) पिथौरागढ़ लिंक रोड पर कैलाड़ी विद्युत पावर हाउस के पास बैक करते समय अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में वाहन चालक अमित शर्मा पुत्र जगदीश शर्मा तथा विक्रम सिंह पुत्र कुंवर सिंह, निवासी तल्ला बापरू, गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही योगेश जोशी अपनी युवा ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंचे और बाराकोट चौकी पुलिस को सूचना दी। अंधेरे और दुर्गम खाई में उतरकर उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों का कहना है कि 108 एंबुलेंस को कई बार कॉल की गई, लेकिन काफी देर तक वाहन मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे घायलों की स्थिति गंभीर होती चली गई।मजबूरी में पुलिस वाहन की मदद से घायलों को लोहाघाट उप-जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉ. अजीम और उनकी टीम ने प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सकों के अनुसार, अमित शर्मा के सिर में गंभीर चोटें आने के कारण उन्हें चंपावत रेफर किया गया। वहां से सीटी स्कैन के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हल्द्वानी भेज दिया गया। वहीं, विक्रम सिंह के सिर में भी चोटें आई हैं, लेकिन स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी ‘योगी’ ने कहा, “बाराकोट और लोहाघाट दोनों जगहों से 108 एंबुलेंस को कॉल किया गया, लेकिन समय पर सेवा न मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। आपातकालीन सेवाओं की इस लापरवाही को लेकर क्षेत्र में गहरा आक्रोश है।”रेस्क्यू टीम में विजय नाथ, सूरज बिष्ट, सोनू चौधरी, ललित मोहन, राहुल जोशी, शुभम बिष्ट, हिमांशु नाथ, हिमांशु जोशी, सौरभ नाथ और धीरज सिंह समेत कई युवाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

शेयर करे