November 10, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

धौन क्रिकेट टूर्नामेंट में पहुंचे डीएम, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

धौन क्रिकेट टूर्नामेंट में पहुंचे डीएम, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

सीमांत क्षेत्र के युवाओं की खेलों में भागीदारी को बताया सराहनीय, नशे से दूर रहकर खेल गतिविधियों से जुड़ने का किया आह्वान

चंपावत। धौन क्रिकेट मैदान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। मैदान में पहुंचने पर नौनचूला क्रिकेट कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिलाधिकारी का स्वागत किया।

चार से 13 नवंबर तक आयोजित हो रहे इस टूर्नामेंट के आयोजन की सराहना करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सीमांत क्षेत्र के युवाओं का खेल गतिविधियों से जुड़ना बेहद सकारात्मक पहल है। स्थानीय स्तर पर आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। साथ ही युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। ऐसे में स्थानीय युवाओं और खेल समितियों की ओर से प्रतियोगिताओं का आयोजन करना सराहनीय है। जिलाधिकारी ने युवाओं से नियमित रूप से खेलों में भाग लेने तथा नशे से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।

इस अवसर पर नौनचूला क्रिकेट कमेटी ने खिलाड़ियों के लिए क्रिकेट किट उपलब्ध कराने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। कार्यक्रम में आयोजन समिति के नवीन रावत, शंकर भट्ट, चंद्र प्रकाश भट्ट, बंशीधर भट्ट, अमित सिंह और रविंद्र भट्ट सहित खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।

शेयर करे