November 10, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

संस्कृत ग्राम खर्ककार्की पहुंचे दर्जा मंत्री डॉ. नवीन पंत, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत

संस्कृत ग्राम खर्ककार्की पहुंचे दर्जा मंत्री नवीन पंत, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत

संस्कृत भाषा के संरक्षण और संवर्धन के लिए देशभर में पहचान बना रहा चंपावत का खर्ककार्की गांव, डॉ. कीर्तिबल्लभ सक्टा की मौजूदगी रही खास

चंपावत। जनपद मुख्यालय के निकट स्थित खर्ककार्की गांव अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और संस्कृत भाषा के संरक्षण के प्रयासों को लेकर लगातार चर्चा में है। आदर्श संस्कृत ग्राम के रूप में पहचान बना चुके इस गांव में संस्कृत संस्थान परिषद उपाध्यक्ष दर्जा मंत्री डॉ.नवीन पंत के पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान संस्कृत भाषा के विद्वान एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित डॉ. कीर्तिबल्लभ सक्टा भी मौजूद रहे।

सीएम धामी के प्रयासों से खर्ककार्की गांव को संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार और उसे आम जनजीवन की बोलचाल का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से आदर्श संस्कृत ग्राम के रूप में विकसित किया गया है। 10 अगस्त 2025 को मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश के सभी 13 जनपदों में चयनित 13 आदर्श संस्कृत ग्रामों का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया था। इनमें चंपावत जिले के खर्ककार्की को भी शामिल किया गया।

गांव को संस्कृत ग्राम के रूप में विकसित करने की पहल में डॉ. कीर्तिबल्लभ सक्टा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके प्रयासों से ग्रामीणों को संस्कृत भाषा सीखने, बोलने और दैनिक जीवन में इसका प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। योजना के तहत बच्चों, युवाओं और ग्रामीणों को संस्कृत में संवाद करने का प्रशिक्षण देने पर विशेष जोर दिया गया है।

संस्कृत ग्राम की परिकल्पना का उद्देश्य संस्कृत को केवल धार्मिक अनुष्ठानों और पुस्तकों तक सीमित न रखकर आम लोगों की बोलचाल की भाषा के रूप में स्थापित करना है। गांव में संस्कृत संभाषण, शैक्षिक गतिविधियों और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से इस दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

दर्जा मंत्री डॉ.नवीन पंत के गांव आगमन और ग्रामीणों द्वारा किए गए स्वागत को खर्ककार्की की सांस्कृतिक पहचान के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। डॉ पंत ने सीएम धामी द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और वैदिक भाषा संस्कृत के संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर डॉ. कीर्तिबल्लभ सक्टा की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया।

खर्ककार्की आज चंपावत जिले की ऐसी पहचान बन चुका है, जहां देववाणी संस्कृत को जनवाणी बनाने का संकल्प लिया गया है। जरूरत है कि इस पहल को निरंतर आगे बढ़ाते हुए गांव को संस्कृत भाषा, भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक पर्यटन के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।

शेयर करे