April 23, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad

शिक्षा, स्वास्थ्य और नगरीय से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से चम्पावत जिले में ज्ञान केन्द्रों, डायलिसिस मशीन और नगर निकाय वेबसाइटों का किया लोकार्पण

शिक्षा, स्वास्थ्य और नगरीय सेवाओं में विकास की नई गति मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से चम्पावत जिले में ज्ञान केन्द्रों, डायलिसिस मशीन और नगर निकाय वेबसाइटों का किया लोकार्पण
चंपावत, 18 दिसंबर ।
जनपद के शिक्षा, स्वास्थ्य और नगरीय सेवाओं को नई दिशा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को तीन महत्वपूर्ण विकास कार्यों का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। इन पहलों को मुख्यमंत्री ने जनपद के सर्वांगीण विकास की दिशा में मील का पत्थर करार दिया।
आधुनिक शिक्षा की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री ने जिले में स्थापित मुख्यमंत्री ज्ञान केन्द्रों का शुभारंभ किया। इनमें जिला पुस्तकालय चम्पावत, राजकीय प्राथमिक विद्यालय पाटी, सैन्दर्क, नौमाना सहित कई विद्यालयों में बनाए गए शक्ति कक्ष शामिल हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि ये केन्द्र आधुनिक अध्ययन सामग्री, डिजिटल संसाधन और शांत अध्ययन वातावरण के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराएंगे।
दुर्गम और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को गांव में ही 24×7 पठन-पाठन सुविधाएं देने वाले ये केन्द्र अनुपयोगी शासकीय भवनों में स्थापित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि अन्य अनुपयोगी भवनों में भी ऐसे केन्द्रों का विस्तार किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक युवाओं को आधुनिक शिक्षा की पहुंच मिल सके।विद्यालय पल्सों के छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि अब उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और अध्ययन के लिए शहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार
कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में अत्याधुनिक डायलिसिस मशीन का भी लोकार्पण किया। यह मशीन कोटक महिंद्रा बैंक द्वारा सीएसआर (CSR) मद से लगभग 13 लाख रुपये की लागत से उपलब्ध कराई गई है।
अब किडनी रोगी मरीजों को उपचार के लिए अन्य नगरों में नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय, धन और मानसिक परेशानी से राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सेवा जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगी।
पारदर्शी शासन की दिशा में डिजिटल पहल
मुख्यमंत्री ने नगरपालिका परिषद चम्पावत, लोहाघाट और टनकपुर की आधुनिक एवं उपयोगकर्ता-अनुकूल वेबसाइटों का लोकार्पण भी किया। इन डिजिटल प्लेटफॉर्मों के माध्यम से नागरिक घर बैठे ही ऑनलाइन सेवाओं का लाभ ले सकेंगे—जैसे यूजर चार्ज भुगतान, शिकायत निस्तारण, प्रमाणपत्र आवेदन तथा अन्य शहरी सुविधाएं।

जनप्रतिनिधियों ने जताया आभारइस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष लोहाघाट श्री गोविंद वर्मा, अध्यक्षा चम्पावत श्रीमती प्रेमा पांडे और अध्यक्ष टनकपुर श्री विपिन वर्मा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं जनपद के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाएंगी।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि इन पहलों से शिक्षा का स्तर सुधरेगा, युवाओं को स्थानीय अवसर मिलेंगे और पलायन पर रोक लगेगी। उन्होंने डायलिसिस मशीन उपलब्ध कराने के लिए कोटक महिंद्रा बैंक का आभार जताया और कहा कि इससे लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क उपचार का लाभ भी मिलेगा।
कार्यक्रम में रहे उपस्थित
कार्यक्रम का संचालन जिलाधिकारी मनीष कुमार ने किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, जिला पंचायत सदस्य शैलेश जोशी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, कोटक महिंद्रा बैंक के सीएसआर कंसल्टेंट शोभित अग्रवाल, छात्र-छात्राएँ और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

शेयर करे