April 24, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad

समान नागरिक संहिता में शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने वाले ग्राम प्रधानों का सम्मान 71 वर्षीय सरस्वती देवी से लेकर 21 वर्षीय निशा महर तक ने दिखाया नेतृत्व का उदाहरण

समान नागरिक संहिता में शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने वाले ग्राम प्रधानों का सम्मान
71 वर्षीय सरस्वती देवी से लेकर 21 वर्षीय निशा महर तक ने दिखाया नेतृत्व का उदाहरण
चंपावत | संवाददाता

उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्षगांठ अवसर पर सोमवार को जिला सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code) के तहत अपने क्षेत्रों में शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने वाले ग्राम प्रधानों और ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को सम्मानित किया।जिलाधिकारी ने 82 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जनभागीदारी, जनजागरूकता और प्रशासनिक प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने बताया कि जनपद के सभी विकासखण्डों—चंपावत, लोहाघाट, पाटी और बराकोट—में विशेष शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिकों का पंजीकरण कराया गया। इस दौरान ग्राम प्रधानों ने ग्रामवासियों को प्रेरित कर सौ प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की।सम्मानित ग्राम प्रधानों में बराकोट विकासखण्ड की 71 वर्षीय सरस्वती देवी (ग्राम खोलासुनार) जैसी वरिष्ठ जनप्रतिनिधि से लेकर चंपावत विकासखण्ड की 21 वर्षीय युवा प्रधान निशा महर (ग्राम कफल्टा मल्ला) तक शामिल रहीं। ग्राम बकोड़ा के प्रधान रविंद्र रावत सहित अन्य प्रधानों ने भी अपने उत्कृष्ट कार्य से मिसाल कायम की।चारों विकासखण्डों की कुल 82 ग्राम पंचायतों ने इस अभियान में भाग लिया—
पाटी विकासखण्ड में भिंगराड़ा, कोटना, सांगो, कनवाड़ सहित 14 ग्राम पंचायतें;
लोहाघाट विकासखण्ड में किमतोली, भुमलाई, रौंसाल, कोलीढेक सहित 14 ग्राम पंचायतें;
चंपावत विकासखण्ड में नौलापानी, जौल, बस्टिया, छीनीगोठ सहित 43 ग्राम पंचायतें;
बराकोट विकासखण्ड में खकोड़ा, मल्लाबापरु, बन्तोली सहित 11 ग्राम पंचायतें शामिल रहीं।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि राज्य अपनी स्थापना के 25वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पूरे राज्य में जनसंपर्क और विकास के विविध कार्यक्रम जारी हैं। उन्होंने ग्राम प्रधानों के प्रयासों को जिले की प्रतिष्ठा बढ़ाने वाला और अन्य पंचायतों के लिए प्रेरक बताया।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णा नाथ गोस्वामी, उप जिलाधिकारी अनुराग आर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

शेयर करे