शहीदों के नाम जले दीप, छतार में गूंजा देशप्रेम शहीद शिरोमणि चिलकोटी चिल्ड्रन पार्क में दीपावली पर हुआ भावनात्मक आयोजन
छतार (चम्पावत)।
दीपों के पर्व दीपावली पर जहां घर-आंगन रोशनी से नहा उठे, वहीं शहीद शिरोमणि चिलकोटी चिल्ड्रन पार्क इस बार भी देशभक्ति की लौ से जगमगा उठा। परंपरा के तहत इस वर्ष भी यहां “एक दिया शहीदों के नाम” कार्यक्रम श्रद्धा और भावनाओं के साथ सम्पन्न हुआ।दीपावली की संध्या पर छतारवासी शहीद पार्क में एकत्र होकर मातृभूमि की रक्षा में बलिदान देने वाले वीर सपूतों के नाम दीप जलाते हैं। यह आयोजन वर्षों से केवल परंपरा नहीं, बल्कि छतार की पहचान और देशभक्ति का प्रतीक बन चुका है।इस अवसर पर शहीद के पुत्र जनार्दन चिलकोटी, पुत्रवधू प्रेमा चिलकोटी और पौत्री वैष्णवी चिलकोटी ने शहीद स्मारक पर दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साथ उपस्थित ग्रामीणों ने भी क्रमवार दीप जलाकर शहीदों को नमन किया और भारत माता की जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।कार्यक्रम में छतार विकास समिति के अध्यक्ष शंकर गिरी गोस्वामी, विष्णु गिरी गोस्वामी, महेश गिरी गोस्वामी, जी.बी. जोशी, नरेश भट्ट, पूर्व सभासद शकुंतला गोस्वामी, आशा जोशी, तारा गोस्वामी, गंगा गोस्वामी, जानकी भट्ट, हेमा भट्ट, ममता भट्ट, शालिनी जोशी, प्रवीन जोशी, भविष्या जोशी, योगेश गोस्वामी और मोहित गोस्वामी सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।सभी ने मिलकर अपने दीप समर्पित किए और शहीदों की आत्मा की शांति, देश की एकता-सुरक्षा एवं समृद्धि की कामना की। दीपों की कतारों से जगमगाते शहीद पार्क का दृश्य श्रद्धा और राष्ट्रीय गौरव की मिसाल पेश कर रहा था।ग्रामवासियों ने कहा कि “एक दिया शहीदों के नाम” अब छतार की पहचान बन चुका है और वे चाहते हैं कि आने वाली पीढ़ियां भी इस परंपरा को उसी उत्साह और सम्मान के साथ आगे बढ़ाएं।

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार