चम्पावत की विभूतियों को मिला ‘समर्पण सम्मान’, हल्द्वानी में भव्य आयोजन
हल्द्वानी। पुनर्नवा महिला समिति हल्द्वानी द्वारा रविवार को आयोजित “समर्पण सम्मान समारोह” समाज सेवा, साहित्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और रंगमंच के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिष्ठित व्यक्तियों के लिए यादगार अवसर बना। चम्पावत जनपद की कई विख्यात हस्तियों को उनके प्रेरक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हल्द्वानी नगर निगम के महापौर गजेन्द्र सिंह बिष्ट ने कहा कि शिक्षा, साहित्य और समाज सेवा समाज की उन्नति की रीढ़ हैं।
ऐसे आयोजन निःस्वार्थ भाव से सेवा करने वालों के प्रयासों को पहचान दिलाने का सराहनीय कार्य करते हैं।विशिष्ट अतिथियों में लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री रेनू अधिकारी, दर्जा राज्यमंत्री ललित जोशी और जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा जी शामिल रहे। कुमाऊँनी पत्रिका ‘पहरू’ के संपादक हयात सिंह रावत सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता, साहित्यकार, शिक्षाविद् एवं नगर के गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में मौजूद थे।समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार के लिए डॉ. कीर्ति बल्लभ सक्टा, हिन्दी साहित्य में विशिष्ट लेखन के लिए डॉ. तिलकराज जोशी, महिला सशक्तिकरण में सतत प्रयासों के लिए डॉ. शरद चन्द्र जोशी, रंगकर्म व नाट्यकला में योगदान के लिए भूपेन्द्र देव ‘ताऊ’, और समाज सेवा में निःस्वार्थ योगदान हेतु जनार्दन चिलकोटी को “समर्पण सम्मान” से अलंकृत किया गया।सम्मान प्राप्त विभूतियों ने इसे प्रेरणा का स्रोत बताते हुए भविष्य में निरंतर समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया। समिति की अध्यक्ष लता बोरा ने सभी अतिथियों और सम्मानित विभूतियों का स्वागत किया, जबकि सचिव शांति जीना ने कार्यक्रम का संचालन किया।मुख्य अतिथि गजेन्द्र सिंह बिष्ट ने कहा कि महिला शक्ति द्वारा समाज के लिए किए जा रहे प्रयास वास्तव में प्रशंसनीय हैं, और जब मातृशक्ति आगे आती है तो समाज स्वतः प्रगति करता है।कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर और सामूहिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समारोह की चमक और भावनात्मक एकता ने इसे यादगार बना दिया।

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार