November 27, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

मादली के पास दो वाहनों की भिड़ंत, चार लोग घायल

मादली के पास दो वाहनों की भिड़ंत, चार लोग घायल
जिला अस्पताल में चल रहा उपचार, एसडीएम ने पहुंचकर जाना घायलों का हाल

जागरण संवाददाता, चम्पावत: चम्पावत-लोहाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर मादली के समीप शुक्रवार को दो वाहनों की भिड़ंत हो गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला चिकित्सालय चम्पावत पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार चम्पावत से लोहाघाट की ओर जा रही बोलेरो (यूके 03 टीए-7770) और लोहाघाट से चम्पावत की ओर आ रही मैक्स (यूके 04 टीए-0556) की मादली के पास आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की।

जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर उपजिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य की स्थिति और उन्हें दिए जा रहे उपचार की जानकारी ली। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को घायलों का बेहतर और समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन की ओर से दुर्घटना के संबंध में आवश्यक समन्वय किया जा रहा है। घायलों के उपचार की व्यवस्था पर भी निगरानी रखी जा रही है।

शेयर करे