November 27, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

लोहाघाट और चंपावत में पार्किंग सुविधाओं के विकास को मिलेगी गति

लोहाघाट और चंपावत में पार्किंग सुविधाओं के विकास को मिलेगी गति

**लोहाघाट में मल्टीलेवल पार्किंग के लिए 6.73 करोड़, चंपावत रोडवेज स्टेशन परियोजना की अवशेष धनराशि 18.70 करोड़ रुपये मंजूर**

चंपावत, 27 नवंबर। जिले में पार्किंग सुविधाओं के विस्तार और विकास को गति मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोहाघाट और चंपावत में पार्किंग से जुड़ी दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया है। इसके तहत राजकीय कारागार लोहाघाट में प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग एवं अन्य कार्यों के लिए 6.73 करोड़ रुपये और चंपावत रोडवेज स्टेशन में आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग व शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए 18.70 करोड़ रुपये की अवशेष धनराशि मंजूर की गई है।

राजकीय कारागार लोहाघाट में प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण से परिसर में वाहनों को खड़ा करने के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा। स्वीकृत धनराशि से पार्किंग निर्माण के साथ परियोजना के तहत प्रस्तावित अन्य कार्यों को भी गति मिलेगी।

वहीं, चंपावत रोडवेज स्टेशन में आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना की कुल लागत 6,233.44 लाख रुपये निर्धारित है। परियोजना के लिए 1,870 लाख रुपये यानी 18.70 करोड़ रुपये की अवशेष धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन मिलने से निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

रोडवेज स्टेशन की परियोजना पूरी होने के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों को वाहनों की पार्किंग के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण से स्टेशन परिसर में खरीदारी की सुविधा भी विकसित होगी। दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने और यातायात दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

शेयर करे