November 28, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

डबल हेलमेट अभियान के तहत एसपी ने वाहन चालकों को बांटे हेलमेट

**डबल हेलमेट अभियान के तहत एसपी ने वाहन चालकों को बांटे हेलमेट**

**बनबसा में चलाया जागरूकता अभियान, पीछे बैठने वाली सवारी को भी हेलमेट पहनने की अपील**

जागरण संवाददाता, चम्पावत : सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि पर अंकुश लगाने और दोपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस ने बनबसा क्षेत्र में डबल हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया। शनिवार को पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने स्वयं सड़क पर उतरकर वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए और सुरक्षित यातायात का संदेश दिया।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते मिले चालकों को हेलमेट देकर इसके महत्व के बारे में बताया गया। एसपी ने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना के दौरान जीवन बचाने वाला सुरक्षा कवच है। दोपहिया वाहन चालक के साथ पीछे बैठी सवारी के लिए भी हेलमेट पहनना जरूरी है।

उन्होंने वाहन चालकों से आईएसआई मार्क हेलमेट का प्रयोग करने और उसकी स्ट्रैप अनिवार्य रूप से बांधने की अपील की। साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी।

एसपी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यातायात नियमों का पालन पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए करना चाहिए।

चम्पावत पुलिस ने आमजन से दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठी सवारी, दोनों को हेलमेट पहनने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

शेयर करे