November 28, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

रियासी-बमन गांव में मशीनों से खनन का आरोप, ग्रामीणों ने रात 11 बजे तक खनन और डराने-धमकाने की शिकायत की

690 मीटर लंबे पुल से विकास की उम्मीद, ग्रामीणों ने अवैध खनन पर उठाए सवाल
रियासी-बमन गांव में मशीनों से खनन का आरोप, ग्रामीणों ने रात 11 बजे तक खनन और डराने-धमकाने की शिकायत की

**चंपावत।** सीमांत क्षेत्र के रियासी-बमन गांव में पुल बनने के बाद ग्रामीणों को विकास की नई उम्मीद जगी थी, लेकिन अब क्षेत्र में कथित अवैध खनन को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुल के आसपास मशीनों से धड़ल्ले से खनन किया जा रहा है। खनन कार्य में सैकड़ों डंपर लगे हुए हैं।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में नदी क्षेत्र में भारी मात्रा में पत्थर और मलबा दिखाई दे रहा है। मौके पर कई डंपर और भारी मशीनें भी नजर आ रही हैं।

वीडियो साझा करते हुए ग्रामीण हयात सिंह ने बताया कि रियासी-बामन गांव टोक सीम क्षेत्र में स्थित है। यहां उत्तराखंड की सीमा को जोड़ने वाला करीब 690 मीटर लंबा पुल बनाया गया है। पुल बनने और सड़क तैयार होने के बाद ग्रामीणों को लगा था कि अब गांव के अच्छे दिन आएंगे और क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी।

हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने के बाद विकास की जो उम्मीद जगी थी, वह पूरी होती नजर नहीं आ रही है। इसके बजाय क्षेत्र में कथित अवैध खनन तेजी से हो रहा है।

रात 11 बजे तक मशीनों से खनन, ग्रामीणों ने डराने-धमकाने का लगाया आरोप

ग्रामीणों ने नाम प्रकाशित नहीं करने के अनुरोध के साथ बताया कि क्षेत्र में रात करीब 11 बजे तक बड़ी-बड़ी मशीनों से खनन किया जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि खनन का विरोध करने पर उन्हें डराया-धमकाया जाता है। उन्होंने खनन विभाग और जिला प्रशासन पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायतों के बावजूद खनन पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।

खनन अधिकारी ने बताया—दो खनन पट्टे स्वीकृत

जनपद चंपावत में अवैध खनन के संबंध में प्रसारित वीडियो पर जिला खान अधिकारी राहुल रावत ने विभागीय स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि शासन ने वीडियो में उल्लिखित स्थल पर तीन-तीन हेक्टेयर क्षेत्रफल के दो खनन पट्टे स्वीकृत किए हैं।

रावत के अनुसार, उपखनिज की निकासी शुरू करने से पहले खनन विभाग ने राजस्व और वन विभाग के साथ मिलकर दोनों पट्टों का स्थलीय सीमांकन किया। इस प्रक्रिया में स्वीकृत पट्टों की सीमाएं मौके पर निर्धारित की गईं। सीमांकन पूरा होने के बाद ही स्वीकृत पट्टों से उपखनिज की निकासी शुरू की गई।

### जांच और कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके पर जांच कराने, खनन की निर्धारित सीमाओं और नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा रात के समय हो रहे खनन की जांच करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल का निर्माण क्षेत्र के विकास के लिए हुआ था, न कि प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के लिए।

अब सवाल यह है कि क्या खनन विभाग और जिला प्रशासन ग्रामीणों की शिकायतों की जांच कर स्थिति स्पष्ट करेंगे?
फोटो परिचय… जेसीबी मशीन से खनन सामग्रीभरता टिप्पर वाहन… यह वीडियो और फोटो ग्रामीणों द्वारा भेजी गई है

शेयर करे