November 29, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

स्वाला–धौन के पास खाई में गिरा वाहन, चार घायल, एक का रेस्क्यू जारी

स्वाला–धौन के पास खाई में गिरा वाहन, चार घायल, एक का रेस्क्यू जारी

वाहन में सवार थे पांच लोग, दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल; प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें बचाव कार्य में जुटीं

चम्पावत, 29 नवंबर। चम्पावत जिले में स्वाला–धौन के पास रविवार तड़के एक एक्सयूवी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 25 मीटर नीचे खाई में गिर गया। हादसे में वाहन सवार पांच लोग घायल हो गए। इनमें से चार लोगों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचा दिया गया है, जबकि एक युवक को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार रविवार तड़के करीब तीन बजे एक्सयूवी-300 (यूपी 32 एमसी 7924) स्वाला–धौन के पास अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। वाहन में पांच लोग सवार थे। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष (डीसीआर) को दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और 108 एंबुलेंस को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

हादसे में घायल आशीष श्रीवास्तव (37), अंशुमान कुशवाहा (25), अमित शुक्ला (32) और विकास गिरी (30) को खाई से सुरक्षित सड़क तक पहुंचा दिया गया। चारों को मामूली चोटें आई हैं।

वहीं, दुर्घटना के दौरान वाहन से छिटककर खाई में गिरे अजीत कुशवाहा (27) को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। मौके पर प्रशासन, कोतवाली चम्पावत पुलिस, अग्निशमन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। 108 एंबुलेंस की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है।

शेयर करे