April 24, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad

जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही पर लोकपाल से होगी जांच, जनता मिलन में 32 मामलों पर हुआ त्वरित संज्ञान

लोकपाल से जांच के निर्देश, जनता मिलन में 32 मामलों पर हुआ त्वरित संज्ञान

चंपावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। कार्यक्रम में कुल 32 मामले दर्ज किए गए, जिनमें पेयजल, सड़क, कृषि, सोलर, नाली निर्माण, आधार कार्ड समेत कई जनहित से जुड़े मुद्दे शामिल रहे।जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लोकपाल से जांच कराई जाएगी।

विकासखंड लोहाघाट के पाटन पाटनी निवासी ईश्वरी दत्त तिवारी ने आवासीय भवन के पास जर्जर पेड़ हटाने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने राजस्व और वन विभाग को संयुक्त जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। बिगराकोट पाटी निवासी प्रकाश चंद ने वर्ष 2021-22 के मनरेगा, वित्त, सिंचाई और शौचालय निर्माण संबंधी कार्यों की जांच की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को लोकपाल मनरेगा से जांच कराने के निर्देश दिए।ग्राम कोटा के पूर्णानंद भट्ट ने फूलों की खेती को पुनर्जीवित करने और सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा। जिलाधिकारी ने कृषि, उद्यान एवं सिंचाई विभाग को संयुक्त जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के लिए कहा। नागनाथ वार्ड नई बस्ती के निवासियों की मार्ग और नाली निर्माण की मांग पर ईओ चंपावत को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम प्रधान अमोली निशा देवी द्वारा पुस्तकालय के लिए पुस्तकें और फर्नीचर मांगे जाने पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी को व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।इसके अलावा मुन्नी देवी द्वारा आधार कार्ड न बनने की समस्या पर जिलाधिकारी ने ई-डिस्ट्रीक्ट मैनेजर को तत्काल आधार कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। ग्राम कलीगांव के बलिराम ने ठेकेदार द्वारा भुगतान न होने और गोकुड़िया तोक के पैदल रास्ते के सुधार की मांग की। तिलवाड़ा की किरण शर्मा ने मार्ग निर्माण, ग्राम भैसर्क के हयात सिंह माहरा ने घराट पुनर्जीवित कर पर्यटन बढ़ाने और सड़क सुविधा प्रदान करने का अनुरोध किया। सैंडल बोर के नारायण दत्त ने एप्पल मिशन में कार्य न होने की शिकायत दर्ज की। देवीधुरा के हिम्मत सिंह सिंघल ने गरीब बालिकाओं के प्रशिक्षण हेतु पांच कंप्यूटर सेट उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा।बसकुनी की प्रधान नीतू धोनी ने सोलर लाइट लगाने, आनंद सिंह धौनी ने चोपता व मड़ में सामुदायिक भवन निर्माण तथा रामदत्त जोशी ने पाइपलाइन की जांच की मांग की। जबकि खेसकांडे के रमेश चंद्र खर्कवाल ने भूस्खलन से हुए बगीचे के नुकसान की भरपाई की गुहार लगाई।जिलाधिकारी ने दिनेश चंद्र, खेमानंद भट्ट, विमला देवी, ईश्वरी दत्त जोशी, गंगा दत्त पंत, प्रेम सिंह, जितेंद्र भंडारी, ललित प्रसाद ओखलंज और शकुंतला देवी सहित अन्य शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेकर संबंधित विभागों को शीघ्र और संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए।कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करे