April 24, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad

पंचायती राज प्रतिनिधियों के लिए पांच दिवसीय आवासीय अभिमुखीकरण प्रशिक्षण शुरू

पंचायती राज प्रतिनिधियों के लिए पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शुरू

जिला पंचायत सभागार में नवनिर्वाचित सदस्यों को कानूनी प्रावधानों और कार्यकुशलता पर दी जाएगी विस्तृत जानकारी

चंपावत। पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने और उनकी कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (RGSA) के अंतर्गत नवनिर्वाचित जिला पंचायत प्रतिनिधियों के लिए सोमवार को जिला पंचायत सभागार, चंपावत में पांच दिवसीय आवासीय अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी मनीष कुमार और जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस प्रशिक्षण में जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी सदस्य भाग ले रहे हैं। प्रतिभागियों को उनके दायित्वों, पंचायती राज व्यवस्था के कानूनी पहलुओं, 73वें संविधान संशोधन के प्रावधानों, त्रिस्तरीय पंचायत राज संरचना और उत्तराखंड पंचायती राज अधिनियम 2016 की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।प्रशिक्षण के दौरान वित्तीय संसाधन प्रबंधन, बजट निर्माण, स्थाई समितियों का गठन, कार्य योजना तैयार करने की प्रक्रिया, बैठकों का संचालन और कार्यवाही के नियमों पर विशेष सत्र रखे गए हैं। साथ ही जिला पंचायत की बैठकों के आयोजन, कृत कर्तव्य, अधिकार और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।प्रतिनिधियों को विभागीय अधिकारियों की भूमिका और उनके साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने के तरीकों की भी जानकारी दी जाएगी।

प्रशिक्षण के सभी सत्र मास्टर ट्रेनर एम. पी. जोशी और नवीन उपाध्याय संचालित कर रहे हैं।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने प्रतिभागियों से कहा कि वे इस प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने क्षेत्रों में ग्रामीण विकास की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करें।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जी एस खाती, उप जिलाधिकारी अनुराग आर्य, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत कमलेश बिष्ट सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करे