चंपावत में वाइब्रेंट विलेज-II कार्यक्रम: जिलाधिकारी ने जल निगम को दिया 15 दिन में पानी की समस्या सुलझाने का अल्टीमेटम
चंपावत। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम-II के तहत तामली में आयोजित बहुउद्देशीय सेवा शिविर में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और जल निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि पानी की समस्या पूरी तरह न सुलझने तक वे गांव में ही रहकर निगरानी रखें। जल समस्या का समाधान 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने के लिए सख्त कार्रवाई करने की बात कही।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती ने ग्रामीणों को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में दीवार निर्माण, रेलिंग, तारबाड़, ओपन जिम, सोलर स्ट्रीट लाइट, स्वागत द्वार निर्माण जैसे विकास कार्य प्रस्तावित हैं। ग्रामीणों ने शमशान घाट मार्ग, तामली से रुपालिगाड़ तक अस्व मार्ग, लिफ्ट पेयजल योजना और फार्म मशीनरी उपलब्धता के सुझाव भी दिए।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मौके पर ही अधिकारियों को कार्यवाही के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण भी मौजूद रहे।ग्रामीणों ने राजकीय इंटर कॉलेज में अतिरिक्त कक्षों की मांग, बीएसएनएल नेटवर्क सुधार, खेल मैदान की आवश्यकता, तामली से उरी तोक तक चार किलोमीटर सड़क निर्माण और मंच उपतहसील के सुचारु संचालन के सुझाव भी प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।शिविर में नारायण राम को अटल आवास, देवकी देवी सहित अन्य की व्यक्तिगत शिकायतों का भी समाधान किया गया।विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर अपनी योजनाओं की जानकारी दी, जिनमें विधिक साक्षरता प्रकोष्ठ, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य शिविर, तहसील प्रशासन, ग्राम विकास विभाग, आंचल दुग्ध विकास, पर्यटन, सहकारिता, रेशम विकास, कृषि विभाग, भारतीय स्टेट बैंक, विद्युत विभाग, ऊर्जा विकास एजेंसी, वन विभाग, डाक विभाग, होम्योपैथिक चिकित्सा, श्रम विभाग, समाज कल्याण, महिला सशक्तीकरण, बाल विकास, खाद्य एवं आपूर्ति तथा पुलिस विभाग शामिल थे।कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, कनिष्ठ प्रमुख मनोज जोशी, जिला पंचायत सदस्य शैलेश जोशी, ग्राम प्रधान तामली कुसुम जोशी, जनप्रतिनिधि दलीप सिंह महर, देवेंद्र जोशी, गणेश दत्त जोशी, प्रहलाद सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

More Stories
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार
मुकेश महराना ने संभाला चाय परिषद उपाध्यक्ष का दायित्व, सीएम धामी और पूर्व सीएम कोश्यारी से लिया आशीर्वाद