पूर्णागिरि मार्ग पांच दिन से बंद हनुमानचट्टी पर रोड खोलने के प्रयास नाकाम
11-12 सितंबर से बंद है ठुलीगाड़-भैरव मंदिर सड़क
शारदीय नवरात्र में महज पांच दिन बाकी, व्यवस्थाओं पर भी पड़ रहा असर
टनकपुर। मां पूर्णागिरि धाम को जाने वाली सड़क आज पांचवे दिन भी बंद रही। ठुलीगाड़-भैरव मंदिर सड़क को खोलने के तमाम प्रयास नाकामयाब रहे। अलबत्ता
कार्यदाई एजेंसी लोक निर्माण विभाग का कहना है कि रोड को जल्द से जल्द खोले जाने के लिए हर मुमकिन प्रयास किए जा रहे हैं।
11-12 सितंबर की रात ठुलीगाड़-भैरव मंदिर सड़क पर हनुमानचट्टी में 50 मीटर से अधिक का हिस्सा साफ हो गया था। हनुमानचट्टी में सड़क बहाल करने के लिए लोनिवि पूरी ताकत झोंके हुए हैं। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता लक्ष्मण सिंह सामंत का कहना है कि पहाड़ी की तरफ कटिंग कर रोड को बहाल करने के लिए दो मशीनें लगाई गई हैं। विभाग का कहना है कि कल बुधवार तक सड़क को आवागमन के लिए सुचारू कर दिया जाएगा। सड़क बाधित होने से पूर्णागिरि धाम में आवाजाही बंद होने से देवी दर्शन लगातार पांचवे दिन भी नहीं हो सके हैं। वहीं शारदीय नवरात्र में भी अब महज 5 दिन बचे हैं। ऐसे
में रोड बंद होने से भारी दुश्वारी हो रही है। वैसे बीते पांच दिनों से
पूर्णागिरि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था और मोबाइल सेवा ठप है। इससे मेले की तैयारियों पर भी असर पड़ रहा है।
पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी का कहना है कि पिछले दिनों की भारी बारिश से पूर्णागिरि क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है। मेले की तैयारियों पर भी इसका असर पड़ा है। लोक निर्माण विभाग रोड को खोलने के लिए लगातार मशक्कत कर रहा है, लेकिन कठोर चट्टान होने से इसमें
दुश्वारी आ रही है। मंदिर समिति के सचिव पंडित सुरेश तिवारी का कहना है कि शारदीय नवरात्र का काउंटडाउन है। मात्र पांच दिन बचे हैं। ऐसे में मेले की तैयारियों पर असर पडऩा लाजमी है। रोड खुलने के बाद अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की जाएंगी।

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार