April 26, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad

चंपावत में 236 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को मिला नियुक्ति पत्र

 

236 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को मिला नई जिम्मेदारी का नियुक्ति पत्र

…नवचयनित आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को चम्पावत में सौंपे गए नियुक्ति पत्र

चंपावत।

जिला कार्यालय सभागार चम्पावत में आयोजित आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में कुल 236 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इनमें 20 आंगनवाड़ी कार्यकत्री तथा 216 आंगनवाड़ी सहायिकाएं शामिल रहीं।

कार्यक्रम की मुख्य अध्यक्षता हरिद्वार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मा. महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने की। कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता दर्जा राज्य मंत्री एवं उपाध्यक्ष, वन एवं पर्यावरण सलाहकार समिति श्याम नारायण पांडे व जिलाधिकारी  नवनीत पांडे द्वारा की गई।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने नियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई दी और मातृ शक्ति के सशक्तिकरण को सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक अहम कदम बताया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO)  पीएस बृजवाल ने बताया कि कुल 344 स्वीकृत पदों के सापेक्ष 236 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

चयनित अभ्यर्थियों में चम्पावत ब्लॉक से 88, लोहाघाट से 52, पाटी से 60 तथा बराकोट ब्लॉक से 36 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

उन्होंने बताया कि कुछ पदों पर प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण प्रचलित है। उनके समाधान के उपरांत संबंधित पदों पर भी नियुक्ति की जाएगी। शेष रिक्त पदों के लिए शीघ्र ही नई चयन प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी, ताकि आंगनवाड़ी सेवाओं को और अधिक सशक्त एवं व्यापक बनाया जा सके।

 

दर्जा राज्य मंत्री एवं उपाध्यक्ष, वन एवं पर्यावरण सलाहकार समिति श्याम नारायण पांडे ने कहा, “नियुक्ति पत्र प्राप्त करना एक विशेष खुशी का क्षण होता है, विशेषकर जब यह पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ प्रदान किया गया हो। महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से मातृशक्ति को निःस्वार्थ सेवा का अवसर प्राप्त हुआ है।”

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने नवचयनित कार्यकत्रियों से “मिशन मोड” में कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा, “बच्चों के समग्र विकास की जिम्मेदारी अब आपकी है। आपको छह प्रमुख सेवाओं – स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण, शिक्षा, पूर्व प्राथमिक देखभाल एवं स्वास्थ्य परामर्श की प्रभावी आपूर्ति सुनिश्चित करनी होगी। मातृ शक्ति समाज को नई दिशा और दशा देने में अग्रणी भूमिका निभाएगी।”

कार्यक्रम में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी नव-नियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाएं मूल दस्तावेजों के साथ एक सप्ताह के भीतर संबंधित ब्लॉक के बाल विकास कार्यालय में जाकर मूल दस्तावेज सत्यापन अनिवार्य रूप से पूर्ण करें।

नियुक्ति समारोह में पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष निर्मल मेहरा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, बाल विकास परियोजना अधिकारी राजेंद्र बिष्ट, बाल विकास विभाग के अधिकारी/कर्मचारी चयनित महिलाएं व अन्य उपस्थित रहे।

शेयर करे