November 16, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

लोहाघाट में सरस्वती शिशु मंदिर और विवेकानंद विद्या मंदिर का पूर्व छात्र मिलन समारोह आयोजित, राष्ट्र निर्माण में योगदान का किया आह्वान

लोहाघाट में सरस्वती शिशु मंदिर और विवेकानंद विद्या मंदिर का पूर्व छात्र मिलन समारोह आयोजित, राष्ट्र निर्माण में योगदान का किया आह्वान

पूर्व छात्रों ने साझा कीं पुरानी यादें, वर्तमान विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान का लिया संकल्प

चंपावत। विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज लोहाघाट में रविवार को विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिरों एवं विद्या मंदिरों का वार्षिक पूर्व छात्र मिलन समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में जनपद भर से पहुंचे सैकड़ों पूर्व छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर विद्यालय से जुड़ी अपनी पुरानी यादें साझा कीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. विजय पाल, मुख्य वक्ता विद्या भारती उत्तराखंड के प्रांत संगठन मंत्री सुनील जी, कार्यक्रम अध्यक्ष पूर्व छात्र डॉ. अमरलाल प्रबोधली तथा प्रबंधन समिति एवं आचार्य परिवार के सदस्यों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान पुष्पार्चन एवं वंदना की गई। विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्रधानाचार्य डॉ. चंद्रशेखर जोशी ने अतिथियों का परिचय कराते हुए स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया।

पूर्व छात्रों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. विजय पाल ने कहा कि किसी भी वृक्ष की ऊंचाई इस बात पर निर्भर करती है कि उसकी जड़ें कितनी गहरी हैं। प्रशासन, चिकित्सा, शिक्षा, व्यापार और सेना सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे पूर्व छात्र विद्या भारती की अमूल्य निधि हैं। वे केवल विद्यालय का अतीत नहीं, बल्कि संस्थान की वर्तमान शक्ति और भविष्य के मार्गदर्शक भी हैं।

उन्होंने पूर्व छात्रों से आह्वान किया कि वे अपने व्यस्त जीवन से समय निकालकर विद्यालय, समाज के कमजोर वर्गों और वर्तमान में अध्ययनरत विद्यार्थियों के उत्थान के लिए योगदान दें। पूर्व छात्रों का आपसी नेटवर्क तैयार कर छोटे भाई-बहनों को करियर मार्गदर्शन देने की भी अपील की।

मुख्य वक्ता सुनील जी ने कहा कि विद्या भारती का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का बौद्धिक, आध्यात्मिक एवं नैतिक विकास कर उन्हें श्रेष्ठ नागरिक बनाना है। यहां शिक्षा के साथ पंचकोशीय विकास के माध्यम से शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक उन्नति की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऊर्जावान युवाओं में देश की तस्वीर बदलने की क्षमता होती है।

उन्होंने कहा कि पूर्व छात्र स्वामी विवेकानंद के सपनों के वाहक हैं। आज जब देश अमृतकाल से गुजर रहा है, तब पूर्व छात्रों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति एवं पर्यावरण की रक्षा में भी पूर्व छात्रों से अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन पूर्व छात्र दीपक जोशी ने किया। समारोह में जन शिक्षा समिति उत्तराखंड के प्रदेश निरीक्षक ईश्वरी दत्त जोशी, भारतीय शिक्षा समिति कुमाऊं संभाग के सुरेशानंद जोशी तथा जन शिक्षा समिति के संभाग निरीक्षक राजेंद्र चंद सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य, आचार्य परिवार, प्रबंधन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में पूर्व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


#लोहाघाट #चंपावत #पूर्वछात्रमिलनसमारोह #सरस्वतीशिशुमंदिर #विवेकानंदविद्यामंदिर #विद्याभारती #शिक्षा #राष्ट्रनिर्माण #उत्तराखंड #ChampawatLive

शेयर करे