November 16, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

25 नवंबर को आँचल दुग्ध संघ में तालाबंदी करेंगे पशुपालक, दूध के दाम बढ़ाने समेत चार मांगों को लेकर लिया निर्णय

25 नवंबर को आँचल दुग्ध संघ में तालाबंदी करेंगे पशुपालक, दूध के दाम बढ़ाने समेत चार मांगों को लेकर लिया निर्णय

चम्पावत। दूध के उचित दाम और पशुपालन से जुड़ी समस्याओं को लेकर जिले के पशुपालकों ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। रविवार को लोहाघाट के सुई स्थित आदित्य महादेव मंदिर में गौपालक एवं पशुपालक संघर्ष समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे करीब 150 पशुपालकों ने सर्वसम्मति से 25 नवंबर को आँचल दुग्ध संघ चम्पावत में तालाबंदी करने का निर्णय लिया।

बैठक में महिलाओं, पुरुषों और बुजुर्ग पशुपालकों ने अपनी समस्याएं रखीं। पशुपालकों ने कहा कि पशुचारे, दवाइयों और पशु आहार की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जबकि दूध का खरीद मूल्य लागत के अनुरूप नहीं मिल रहा है। इससे पशुपालन का व्यवसाय घाटे का सौदा बनता जा रहा है। कई पशुपालकों ने चेतावनी दी कि यदि दूध के दाम नहीं बढ़ाए गए तो उन्हें गाय-भैंस पालन छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

**ये हैं पशुपालकों की प्रमुख मांगें**

समिति ने गाय के दूध का खरीद मूल्य 61 रुपये प्रति किलो और भैंस के दूध का मूल्य 71 रुपये प्रति किलो निर्धारित करने की मांग की है। इसके अलावा पशु आहार और साइलेज पर 75 प्रतिशत सब्सिडी देने तथा वर्तमान में मिल रही 50 पैसे प्रति किलो प्रोत्साहन राशि को बढ़ाकर दो रुपये प्रति किलो करने की मांग उठाई गई।

पशुपालकों का कहना था कि हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों की तर्ज पर उत्तराखंड में भी दूध का उचित मूल्य निर्धारित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पशुपालक सुबह चार बजे से देर रात तक मेहनत करते हैं, लेकिन उन्हें उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल नहीं मिल रहा है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 25 नवंबर को दुग्ध संघ चम्पावत में शांतिपूर्ण तरीके से तालाबंदी की जाएगी। समिति ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही जिले के सभी पशुपालकों से निर्धारित तिथि पर अधिक से अधिक संख्या में दुग्ध संघ पहुंचने की अपील की गई।

**गौपालक एवं पशुपालक संघर्ष समिति ने कहा कि आंदोलन किसी के विरोध में नहीं, बल्कि पशुपालकों के अधिकारों और उनके आर्थिक हितों की रक्षा के लिए किया जा रहा है।**

#Champawat #Lohaghat #पशुपालक_आंदोलन #दुग्धसंघ #आँचल_दुग्ध_संघ #दूध_के_दाम #पशुपालक_संघर्ष_समिति #उत्तराखंड #पशुपालन #किसान_हित #चंपावत_लाइव

शेयर करे